परिचित अधिवक्ता बनकर ठगों ने भावनात्मक जाल में फंसाया
पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन और नगर थाना में दर्ज करायी शिकायतप्रतिनिधि, नवादा नगरनगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ले में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां अपराधियों ने तकनीक के बजाय ””””भरोसे”””” को हथियार बनाकर एक महिला से 35 हजार रुपये ठग लिए. पीड़िता विनीता कुमारी ने बताया कि ठगों ने उनकी परिचित अधिवक्ता रेखा कुमारी बनकर उनसे संपर्क किया था. ठगों ने बातचीत के दौरान इतनी भावुक परिस्थितियां पैदा कीं कि पीड़िता को मदद करना जरूरी लगा. अपराधियों ने पहले मीना देवी नामक महिला का क्यूआर कोड भेजा, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण पैसे ट्रांसफर नहीं हुए. इसके बाद ठगों ने रवि कुमार नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर पैसे भेजने को कहा. परिचित के नाम पर भरोसा करते हुए विनीता ने 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये. पैसे मिलते ही ठगों ने संपर्क तोड़ दिया, जिसके बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ.
पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज
ठगी का शिकार होने के बाद विनीता कुमारी ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर जानकारी दी और नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया. नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुट गयी है.
सावधान रहें :
अपराधी अब केवल ओटीपी या लिंक का सहारा नहीं ले रहे, बल्कि आपके जान-पहचान वालों का नाम लेकर भावनाओं से खेल रहे हैं. किसी भी परिचित के नाम पर पैसे मांगने पर पहले फोन कर उनकी पहचान का सत्यापन जरूर करें. एक छोटी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई बचा सकती है.पुलिस अधिकारी बन साइबर ठगों ने महिला से ऐंठे 84 हजार
नवादा नगर. नगर थाना क्षेत्र के गढ़ पर मोहल्ले में साइबर अपराधियों ने गिरफ्तारी का डर दिखाकर एक महिला से 84 हजार रुपये ठग लिए. ठग ने फोन कर खुद को दिल्ली साइबर थाने का अधिकारी बताया और कहा कि महिला के खिलाफ वारंट जारी हुआ है. मामले को रफा-दफा करने के नाम पर ठग ने पीड़िता से क्यूआर कोड के माध्यम से छह बार में कुल 84 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिये. लगातार और पैसों की मांग होने पर पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ. पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और नवादा साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
