Nawada News,प्रेम कुमार: नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है. सातनबीघा गांव निवासी 50 वर्षीय महताब खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
परिजनों का एकमात्र सहारा थे महताब
मृतक की पहचान मिर्जापुर पंचायत के सातनबीघा निवासी स्वर्गीय बहादुर खान के पुत्र महताब खान 50 वर्ष के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार महताब अपने तीन भाइयों में अकेले जीवित बचे थे. उनके दोनों भाइयों का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने अब गहरा संकट खड़ा हो गया है.
गुरुवार शाम से थे लापता
मिली जानकारी के अनुसार महताब खान गुरुवार शाम को किसी काम से घर से निकले थे. लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. शुक्रवार सुबह वजीरगंज प्रखंड के कारी पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर के समीप ग्रामीणों ने उनका शव देखा गया, शव पर गोली के निशान पाए गए हैं. जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने बड़ी बेरहमी से उनकी हत्या की है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मेसकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाने स्तर पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि
अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सूत्रों की मदद ली जा रही है. जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
गाँव में पसरा सन्नाटा
महताब खान के मिलनसार स्वभाव के कारण ग्रामीणों में भी काफी शोक है. गाँव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं दूसरी ओर इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश और दहशत का माहौल है.
Also Read:STF का बड़ा एक्शन: गर्भवती भाभी की हत्या कर साल भर से फरार चल रहा कलयुगी देवर गिरफ्तार
