Nawada News: नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिउर गांव की रहने वाली युवती छोटी उपाध्याय की हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रेमी ऋषभ कुमार सिंह को एसटीएफ ने धर दबोचा है. प्रेमिका की नृशंस हत्या के बाद शव को सूटकेस में बंद कर फरार हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ (UP STF) की वाराणसी फील्ड इकाई और दादरा एवं नगर हवेली की सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट से गिरफ्तार किया.
पहचान छिपाकर चांदपुर में मजदूरी कर रहा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ऋषभ कुमार सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. सिलवासा से भागकर वाराणसी पहुंचने के बाद उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपा ली थी और चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक मजदूर के रूप में काम कर रहा था. गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
लव अफेयर के बाद सिलवासा में हुई थी प्रेमिका की हत्या
बताया जाता है कि मृतका छोटी उपाध्याय और आरोपी प्रेमी ऋषभ कुमार सिंह दोनों नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव के ही रहने वाले थे. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था. इसी दौरान दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने छोटी उपाध्याय की हत्या कर दी. हत्या के साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसने शव को एक सूटकेस में बंद कर ठिकाने लगाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया था.
पूछताछ में जुटी पुलिस, सिउर गांव में चर्चा का बाजार गर्म
गिरफ्तारी के बाद सिलवासा पुलिस और एसटीएफ आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है. हत्या की मुख्य वजह, घटनाक्रम और वारदात में किसी अन्य की संलिप्तता को लेकर जांच की जा रही है. नवादा जिले के सिउर गांव निवासी युवक-युवती से जुड़े इस सनसनीखेज सूटकेस हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही गांव व आसपास के इलाकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
Also Read: VIDEO : नवादा के छोटी कुमारी हत्याकांड में कब-क्या हुआ, देखिए पूरी रिपोर्ट
