7th Pay Commission: बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन (गोपगुट) की प्रखंड इकाई की बैठक शनिवार को प्रखंड अध्यक्ष टिंकू कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में संगठन की मजबूती और शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान सर्वसम्मति से संघ की प्रखंड इकाई का पुनर्गठन किया गया.
टिंकू कुमार बने अध्यक्ष, अनिल मिस्त्री को महासचिव की जिम्मेदारी
पुनर्गठित कमेटी में टिंकू कुमार को अध्यक्ष, मृत्युंजय कुमार एवं सोनू कुमार को उपाध्यक्ष, अनिल मिस्त्री को महासचिव और मिलन कुमार को सचिव बनाया गया. वहीं नवीन कुमार एवं मोख्तार आलम को उपसचिव, संजीव कुमार को कोषाध्यक्ष तथा संतोष कुमार एवं इंद्रमणि कुमार को उपकोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी.
सातवां केंद्रीय वेतनमान और पुरानी पेंशन की मांग
बैठक में संघ की ओर से बीपीएससी से नियुक्त शिक्षकों, विशिष्ट शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों एवं विद्यालय अध्यापकों के लिए सातवां केंद्रीय वेतनमान लागू करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठायी गयी.
शिक्षकों ने कहा कि राज्यकर्मी का दर्जा मिलने के बावजूद उनका वेतनमान अन्य राज्यकर्मियों से अलग है. उनके अनुसार, इसके कारण उन्हें सातवें वेतनमान, ग्रेच्युटी, एसीपी, प्रमोशन और पुरानी पेंशन समेत कई सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
मांगों पर पहल नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
शिक्षकों ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग को उनकी लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गयी, तो शिक्षक एकजुट होकर पटना में आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे.
संघ की मुख्य मांग है कि बिहार के अन्य राज्यकर्मियों की तर्ज पर शिक्षकों को भी सातवां केंद्रीय वेतनमान, पुरानी पेंशन तथा अन्य वंचित सुविधाओं का लाभ दिया जाये.
बैठक में संतोष कुमार, शशिकांत कुमार सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे.
