Nawada News : विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों, संविधान, विज्ञान, गणित तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से बिहार छात्र संसद द्वारा क्विज चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नहर पार के एक संस्थान में होगा. इसके लिए निःशुल्क पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 22 जुलाई निर्धारित की गई है.
चार वर्गों में आयोजित की जाएगी प्रतियोगिता
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की जाएगी। प्रथम वर्ग में कक्षा 5 एवं 6, द्वितीय वर्ग में कक्षा 7 एवं 8, तृतीय वर्ग में कक्षा 9 एवं 10 तथा चतुर्थ वर्ग में कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा.
प्रतियोगिता की प्रथम एवं द्वितीय वर्ग की परीक्षा 25 जुलाई, जबकि तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग की परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होगी. प्रत्येक वर्ग से चयनित प्रतिभागियों को अगले चरण में शामिल किया जाएगा और अंतिम लाइव राउंड के बाद विजेताओं का चयन किया जाएगा.
विजेताओं को मिलेगा आकर्षक पुरस्कार
आयोजकों के अनुसार विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे. वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से होगा पंजीकरण
प्रतियोगिता के संयोजक प्रशांत मानव एवं सह-संयोजक प्रीति कुमारी ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण बिहार छात्र संसद की वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है. इसके अलावा विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के माध्यम से ऑफलाइन पंजीकरण की भी व्यवस्था की गई है. प्रतियोगिता के परिणाम एवं पुरस्कार वितरण की सूचना एसएमएस, व्हाट्सएप, ई-मेल तथा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्रतिभागियों को उपलब्ध कराई जाएगी. अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक 7667173996, 7050992391, 9334684486 एवं 8709582394 पर संपर्क कर सकते हैं.
