नवादा. कर्मा पर्व को लेकर मंगलवार को अकबरपुर बाजार में काफी चहल-पहल देखने को मिली. पर्व को लेकर महिलाओं ने उपवास रखा और कर्मा पूजा की तैयारियों में जुटी नजर आयीं. सुबह से ही बाजार में पूजा-पाठ से संबंधित सामग्री, फल-फूल, मिठाई और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही.
भाई-बहन के स्नेह और सुख-समृद्धि से जुड़ा पर्व
कर्मा पर्व को विशेष रूप से भाई-बहन के स्नेह, परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना से जोड़कर देखा जाता है. पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया. कई महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से कर्मा पूजा करने की तैयारी की.
पूजा सामग्री की दुकानों पर बढ़ी भीड़
बाजार में फल, पूजा सामग्री, कर्मा पर्व में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी रही. दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में सामग्री मंगाकर रखी है. ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए अकबरपुर बाजार पहुंचे.
घरों में भी हुई विशेष तैयारी
पर्व को लेकर घरों में भी विशेष तैयारियां की गयी हैं. महिलाएं पूजा स्थल की साफ-सफाई और सजावट के साथ-साथ पूजा की आवश्यक सामग्री जुटाने में व्यस्त रहीं. पूरे क्षेत्र में कर्मा पर्व को लेकर धार्मिक और उत्सवी माहौल बना हुआ है.
