नवादा : जिले में इन दिनों तीन नगर निकाय क्षेत्रों में चुनाव की प्रक्रिया चरम पर है. ऐसे में मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिये तरह- तरह के हथकंडे अपनाये जा रहे हैं. इसमें सबसे महत्वपूर्ण हथकंडा शराब माना जा रहा है. इसी कड़ी से जुड़ी शराबबंदी के बाद चुनाव को लेकर बड़ी खेप में नवादा लायी गयी थी. पुलिस ने देशी मसालेदार के पाउच को वाहन सहित जब्त कर लिया है.
नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मुहल्ला स्थित खुरी नदी के किनारे एसकेएम कॉलेज के समीप पुलिस ने एक बोलेरो में भारी मात्रा में रखी शराब बरामद की. वहां पर वाहनचालक व मालिक नहीं मिला. बोलेरो शराब से भरी लावारिस खड़ी थी़ नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने बताया कि जब्त बोलेरो से 2680 मसालेदार देशी शराब के पाउच बरामद किये गये हैं. उन्होंने बताया कि जब्त बोलेरो का नंबर बीआर 27- 1848 है. उस नंबर के आधार पर डीटीओ ऑफिस से वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है. शहर में होनेवाले चुनाव को लेकर शराब के मफियाओं व पीनेवालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. इसके लिये शहर की गली-गली में पैंथर मोबाइल को लगाया गया है. उन्होंने बताया कि इस सफलता में भी पैंथर मोबाइल की ही अहम भूमिका है. फिलवक्त शराब से भरी बोलेरो को पुलिस ने जब्त कर नगर थाने ले आयी है.
बताया जाता है कि शराबबंदी के बाद भी जिले में शराब के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाना प्रशासन के लिये चुनौती बन चुकी है. इन दिनों नगर निकाय चुनाव को लेकर नवादा नगर पर्षद, वारिसलीगंज नगर पंचायत तथा हिसुआ नगर पंचायत में मतदाताओं को खुश करने के लिये शराब का खेल जारी है.
