नवादा नगर : जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के साथ विभिन्न स्तर के शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के लिए शिक्षा विभाग की व्यवस्था नाकाफी दिखती है. जिले के कार्यरत शिक्षकों के साथ टीइटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का नामांकन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में किया गया है. डायट भवन में क्लास शुरू होने के साथ जिला प्रशासन द्वारा इस नये भवन को कई कामों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. क्वालिटी एजुकेशन को आगे बढ़ाने के लिए संस्थानों में शिक्षकों की क्षमता का विस्तार जरूरी है.
क्योंकि, मनोवैज्ञानिक तरीके से नये सिलेबस के आधार पर पढ़ाई में लगातार नये अनुसंधान के माध्यम से बदलाव लाने की जरूरत है. इस काम को शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से पूरा किया जा रहा है. शिक्षकों व संसाधनों की कमी के बाद भी यदि नियमित क्लास का संचालन होता है, तो सीखने का मौका मिलता ही है. पिछले दिनों लगभग एक माह के लिए मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में कॉपियों के संग्रह केंद्र तथा कोडिंग करने की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए भवन को प्रशासन अपने कब्जे में रखा था. डायट भवन को दोबारा नगर निकाय चुनाव में काउंटिंग सेंटर बनाने पर विचार किया जा रहा है,
जो निश्चित ही शिक्षकों के प्रशिक्षण को प्रभावित करेगा. रेगुलर कोर्स के अलावा डिसटेंस के माध्यम से डायट केंद्र में कोर्स करनेवाले शिक्षक शनिवार व रविवार को क्लास करने आते हैं .इनके क्लास भी भवन इंगेज होने के कारण प्रभावित होते हैं.
