नगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई घटना
नवादा : नगर थाना से चंद कदमों की दूरी पर ही बदमाशों ने बाइक सवार के थैले से 70 हजार रुपये उड़ा लिये. रोह थाना क्षेत्र के कोशी निवासी उमेश साव का बेटा नीतीश कुमार ने लिखित आवेदन देकर बदमाशों पर कार्रवाई की मांग की है. उसने बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया के स्वयं के व बैंक ऑफ बड़ौदा में मां लाजवंती देवी के खाते से 35- 35 हजार रुपये की निकासी कर घर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में हाथ में तेज जलन होने लगी. नगर थाने के पास हाथ धोने के लिए एक होटल में गया. इसी दौरान बदमाश बाइक में लटके रुपये के थैले लेकर भाग गये.
शातिर बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
बदमाशों ने बाइक के हैंडल में केमिकल लगा रखा था. इससे थोड़ी दूर जाने के बाद नीतीश के हाथों में जलन होने लगी. उसके हाथ व बाइक के हैंडल में लाल रंग की केमिकल थी.
केमिकल के कारण तेज जलन होने लगी. उसने बताया कि बैंक में रहने के दौरान ही बदमाशों ने बाइक के हैंडल में केमिकल लगा दिया था. थैले में दो पासबुक, नीतीश की बहन पुष्पा कुमारी का इंटर का एडमिट कार्ड,अंक पत्र, बीए का एडमिट कार्ड, आधार कार्ड व परिचय पत्र भी था. नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है.
