नौ को सभी मतदान केद्रों पर मतदाता सूची का होगा प्रकाशन
नवादा : लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही जिला प्रशासन अपनी पूरी तैयारी के साथ शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर कवायद शुरू कर दी है.
बुधवार को देर शाम तक चली बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ललन जी ने सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों व नोडल पदाधिकारी के साथ बैठक कर बारी-बारी से सभी के उत्तरदायित्व व कोषांगों द्वारा अभी तक किये गये कार्यो की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन शाम में चुनाव की तैयारी की समीक्षा होगी. इसमें अनिवार्य रूप से सभी कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे.
साथ ही कहा कि 9 मार्च को पूरे जिले में सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रदर्शन किया जायेगा. बूथ पर ही मतदाता सूची में लोग अपना नाम देख सकेंगे व नाम नहीं होने पर उसी समय फॉर्म छह भर कर अपने बीएलओ को सौंपेंगे. डीएम ने सभी इआरओ को अपने बीएलओ के साथ 7 मार्च को बैठक करने का निर्देश दिया है. उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को उस दिन सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्र में फार्म छह और आठ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने आदर्श संहिता के प्रभारी पदाधिकारी को शक्ति के साथ आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करने का निर्देश दिया. डीएम ने मतदान प्रतिशत को बढ़ाने को लेकर अभी तक किये गये कार्यो की भी समीक्षा की. जिला निर्वाची पदाधिकारी 8,9 व 11 मार्च को जिले के शस्त्र धारियों के शस्त्रों का सत्यापन करवाने का निर्देश दिया और कहा कि इसे हर हाल में तीन दिन में ही पूरा कर लिया जाये.
मतदाताओं को जागरूक बनाने व मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्वीप के अंतर्गत जिले के कई कार्यक्रम चलाये जायेंगे. सिनेमा हॉल, केवल टीवी आदि के माध्यम से धौनी, मेरीकॉम, शारदा सिन्हा, अब्दुल कलाम के जागरूकता संदेश प्रदर्शित किये जायेंगे. वहीं, वाद विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, होर्डिग, प्रभातफेरी, जागरूकता रथ आदि द्वारा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाया जायेगा. बैठक में अपर समाहर्ता महर्षि राम, उप विकास आयुक्त रामेश्वर सिंह सहित सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी व नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे.
