जांच देख चौकी के बैरियर को तोड़ कर भागा
पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा, ड्राइवर फरार
नवादा : उत्पाद विभाग को शराब की एक बड़ी खेप हाथ लगी है. यह सफलता एनएच-31 पर रजौली चेकपोस्ट के समीप जांच के दौरान मिली. रजौली समेकित जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने एक इनोवा कार को पकड़ी. जांच के दौरान इसमें 50 कार्टन अंगरेजी शराब पायी गयी. यह शराब झारखंड की बनी हुई बतायी जाती है. जब्त शराब छह सौ बोतलों में बंद है. इसकी कीमत अनुमानित पांच लाख रुपये बतायी जाती है.
अंगरेजी शराब की यह बड़ी खेप को होली के पहले पकड़ा जाना पुलिस के लिए कॉलर चमकाने जैसी है. उत्पाद विभाग की टीम ने फिल्मी अंदाज में इस खेप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की. पता चला है कि गुप्त सूचना के तहत रजौली जांच चौकी पर इनोवा गाड़ी को जांच कराने का संकेत दिया गया. मगर,ड्राइवर ने उत्पाद चौकी के बैरियर को तोड़ते हुए भागने की कोशिश की. टीम के अधिकारियों ने आगे जाकर गाड़ी को पकड़ा लिया. मगर, तब तक ड्राइवर वहां से फरार हो चुका था. होली को देखते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने जांच चौकी पर कड़े इंतजाम कर दिये हैं. इस पूरे अभियान में उत्पाद इंस्पेक्टर विनोद कुमार खलीफा ने अहम भूमिका निभायी. उन्होंने बताया कि होली को लेकर झारखंड से बड़े पैमाने पर शराब लायी जा रही है. उत्पाद इंस्पेक्टर ने कहा कि पकड़ा गया इनोवा पटना का बताया जाता है.
इसका नंबर बीआर-01-पीएफ-4836 है. इसके मालिक का पता लगाया जा रहा है. साथ ही शराब धंधे में कार मालिक की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है. जानकारी के अनुसार, झारखंड के कोडरमा से दो कार में धंधेबाज शराब लोड कर चले थे. एक कार को झारखंड में ही बरामद कर लिया गया. दूसरी कार को रजौली चेकपोस्ट पर जांच के दौरान पकड़ा गया.
