1310 पाउच शराब के साथ मशीनें भी बरामद
अकोढ़ीगोला : शराब के धंधेबाजों के विरुद्ध पुलिस ताबतोड़ छापेमारी कर रही है. इसके बावजूद क्षेत्र में शराब की आवक कम होने का नाम नहीं ले रहा है. बुधवार की रात गुप्त सूचना पर छापेमारी कर दरिहट पुलिस ने गनुआ गांव से शराब बनाने का मिनी फैक्टरी का उद्भेदन किया. मौके भारी मात्रा में निर्मित शराब, मशीन व अन्य समाग्री बरामद हुई. एसडीपीओ अनवर जावेद ने बताया कि गुप्त सूचना पर दरिहट थानाध्यक्ष सियाराम सिंह के नेतृत्व में गनुआ गांव में छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान राजीव कुमार उर्फ राजू तिवारी के गोशाला से भारी मात्रा में निर्मित देशी शराब व शराब पैकिंग के उपकरण बरामद हुआ है.
उन्होंने बताया कि 1310 देशी शराब की पाउच, 30 बंडल रैपर (प्लास्टिक पाउच), दो पैकिंग मशीन व दो बंडल स्टिकर बरामद हुआ है. रैपर पर निर्माता कुमार बोल्टर्स नावाटोली डालटेनगंज पलामू का पता है. उन्होंने बताया कि होली को लेकर शराब की आपूर्ति बढ़ने की संभावना है.
पुलिस शराब धंधेबाजों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई में जुटी है. पुलिस आरोपित राजू तिवारी पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. आरोपित घर छोड़कर फरार है. वहीं, धान गबन मामले में भी आरोपित पर कोर्ट से वारंट जारी है. मौके पर थानाध्यक्ष सियाराम सिंह, गजेंद्र पासवान आदि मौजूद थे.
