सेमरी से बाइक लूट कर दोनों भाग रहे थे
पुलिस को गिरोह के सरगना की तलाश
कोचस : कुछिला थाना की पुलिस ने सलथुआं पथ से दो बाइक चालकों को गिरफ्तार किया है. अनुमान है कि दोनों बाइक लूटनेवाले गिरोह के सदस्य हो सकते हैं. थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि बुधवार की दोपहर बक्सर जिले के राजपुर थानांतर्गत खिलाफतपुर निवासी पप्पू मुसहर व राजपुर थाना क्षेत्र के ही हकारपुर का निवासी विनोद कुमार बाइक पर सवार होकर परसथुआ की ओर जा रहे थे. उसी वक्त बाइक का ईंधन खत्म हो गया.
बताया जाता है कि दोनों युवक ईंधन की टंकी को ईंट मार कर खोलने का प्रयास कर रहे थे. यह देख कर ग्रामीणों को संदेह हुआ व उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व दोनों को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे बाइक लुटेरों के गिरोह से जुड़े हुए हैं व उक्त बाइक को सेमरी से लूट कर भाग रहे थे. पुलिस ने कहा कि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है, जो इस गिरोह का मुख्य सरगना है. दोनों आरोपितों को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
