टिकट काउंटर भवन व पुलों का निर्माण जोरों पर
सिरदला : प्रखंड के लौंद से खरौंध स्टेशन जाने के लिए रेलवे ट्रैक बिछाने की शुरुआत कर दी गयी है. तिलैया से कोडरमा बननेवाली बड़ी रेल लाइन परियोजना में तिलैया स्टेशन से लौंद स्टेशन तक का निर्माण व रेलवे ट्रैक का काम पूरा कर लिया गया है. रेलवे ट्रैक में गिट्टी डाली जा रही है. रेलवे टिकट काउंटर भवन भी करीब 50 प्रतिशत बन चुका है. दोनों स्टेशनों के बीच दो पुल का निर्माण किया जा रहा है. करीब 75 प्रतिशत से ऊपर काम हो गया है.
30 जनवरी को रेलवे के चीफ एडमिन ऑफिसर बी चौधरी ने लौंद व खरौंध रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य का जायजा लिया था. लौंद स्टेशन पर भवन निर्माण कार्य की निर्माण गति को धीमा देख ठेकेदार केके प्रसाद को कड़ी फटकार लगाते हुए डिप्टी चीफ इंजीनियर पीके आलोक को ठेकेदार पर फाइन करने का निर्देश दिया था.तिलैया-कोडरमा नयी बड़ी रेल लाइन परियोजना 2001-02 वित्तीय वर्ष में ली गयी थी. इसकी अनुमानित लागत राशि 413.17 करोड़ स्वीकृत थी. इस बड़ी रेल लाइन परियोजना की लंबाई करीब 65 किमी है.
