नवादा : शहर के पुरानी बाजार मुहल्ला पिछले तीन दिन से अंधेरे में डूबा है. सब्जी बाजार के पास लगा ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद किसी ने सुध नहीं ली. पेयजल के लिए त्रहिमाम मचा है. ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद स्थानीय लोगों ने कई बार बदलने का आग्रह किया, परंतु कहीं भी तत्परता नहीं देखी गयी. दुर्भाग्य तो इस बात का है कि कार्यपालक विद्युत अभियंता से जब ट्रांसफॉर्मर बदलने की बात कही गयी, तो सोमवार को बदलने का आश्वासन दिया गया था. सोमवार को जब पूछा गया, तो उस समय भी तुरंत बदलवाने की बात कही गयी.
परंतु, दोपहर बाद तक कोई सुगबुगाहट नजर नहीं आ रहा था. इस संबंध में डीएम ललन जी से भी मामला रखा गया परंतु, व्यस्तता के कारण वीसी के बाद बात करने को कहा. इधर, सदर एसडीपीओ राजेश कुमार से बात की गयी, तो उन्होंने कहा कि विद्युत कार्यपालक अभियंता को ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिस अभी कहा जायेगा. बता दें कि राज्य सरकार का निर्देश है कि कोई भी ट्रांसफॉर्मर खराब होता है, तो उसे 24 घंटे में बदल देना है. लेकिन, सरकार के जनहित सोच को विभागीय स्तर पर अनदेखी की जा रही है. शहर के भीड़-भाड़ व अत्यधिक राजस्व देने वाली यह क्षेत्र पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट और अंधेरे में जीने को विवश है. बता दें कि ट्रांसफॉर्मर बदलने को लेकर पहले से चली आ रहे शुभ-लाभ का चक्कर ने अभी तक व्यवस्था को चरमराये हुए हैं. यही वजह है कि आम लोगों को सही परेशानी पर भी लाभ नहीं मिल रहा है.
