सद्भावना चौक पर होटल से हुई गिरफ्तारी
23 एटीएम कार्ड किये गये जब्त
नवादा कार्यालय : शहर के सद्भावना चौक स्थित एक होटल में मंगलवार को छापेमारी के दौरान एक एटीएम गिरोह का सरगना पकड़ा गया. हालांकि, पुलिस एक परिजन के दिये गये आवेदन पर प्रेमी जोड़े को पकड़ने पहुंची थी. लेकिन, गिरफ्तार प्रेमी एटीएम कार्ड की हेराफेरी करनेवाले गिरोह का सरगना निकला. नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने बताया कि शहर के रामनगर मुहल्ले के एक निवासी ने आवेदन देकर अपनी बेटी के गायब होने की शिकायत दर्ज करायी थी. इसी दौरान सद्भावना चौक पर एक होटल की छापेमारी में एक संदिग्ध प्रेमी जोड़ा पकड़ा गया. छानबीन से पता चला कि लड़की वह ही थी.
जबकि, लड़के की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के धनबारा निवासी नवीन सिंह का बेटा गौरव कुमार के रूप में हुई. गौरव कुमार के पास से विभिन्न बैंकों की 23 एटीएम कार्ड भी बरामद किये गये. इससे पुलिस को दोहरी सफलता हाथ लगी. गौरव एटीएम कार्ड की हेराफेरी करनेवाले गिरोह का सरगना निकला. उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है. लड़की को परिजनों के हवाले कर दिया गया है.
