भाजपा ने बीएसएससी की परीक्षा में परचा लीक में मुख्यमंत्री को बताया सीधे दोषी
कहा, जंगल राज पार्ट टू का हो चुका है आगाज
नवादा नगर : बीएसएससी की परीक्षा में परचा लीक व व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया. जिलाध्यक्ष शशि भूषण बबलू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होकर प्रजातंत्र चौक पहुंचे, जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गयी. जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में अब कानून का राज नहीं रहा है. राजद के शामिल होने के बाद बिहार में जंगल राज पार्ट टू को सीधे तौर पर देखा जा सकता है.
बीएसएससी की परीक्षा में राज्य भर के लाखों गरीब परिवारों के बच्चों ने अपने भविष्य को संवारने के लिए फाॅर्म भरा था, लेकिन सरकार के कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष, सचिव ही जब परीक्षा में परचा लीक करने में शामिल हों, तो सरकार की विश्वसनीयता का अंदाजा लगाया जा सकता है. राज्य भर में हत्या, दुष्कर्म, लूट, अपहरण, रंगदारी आदि की घटनाएं बढ़ी हैं. कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार दिखावे के लिए राज्य की एजेंसी से जांच करा रही हैं. निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआइ से पूरी मामले की तहकीकात करायी जाये. सरकार कर्मचारी चयन आयोग के पकड़े गये अधिकारियों के बयान को दबा कर पूरे मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है.
मुख्यमंत्री के पुतला दहन कार्यक्रम में वरीय नेता केदार सिंह, राजेंद्र सिंह, अर्जुन राम, रणजीत यादव, जितेंद्र कुमार बबलू, नगर अध्यक्ष पप्पू कुमार साव, रंजय कुमार, प्रेमचंद पटियाला, विनय कुमार सिन्हा, अरविंद गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, रवि गुप्ता,भत्तू मांझी, राधेश्याम चौधरी, रामचंद्र यादव, मनोज पचाढ़ा आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे.
