आक्रोश. 2014 से प्रोत्साहन नहीं मिलने पर जतायी नाराजगी
कहा, शिकायत करने पर अधिकारी करते हैं अभद्र भाषा का प्रयोग
रजौली : मंगलवार को अनुमंडलीय अस्पताल में प्रखंड की सभी आशाओं ने जमकर हंगामा किया. आशाओं का कहना था कि हमलोगों को वित्तीय वर्ष 2014 से लेकर अभी तक किये गये विभिन्न कार्यों का प्रोत्साहन के रुपये नहीं दिया गया है. हमलोग से क्षेत्र में पोलियो, कुष्ट रोग, गर्भवती महिलाओं का सर्वे कराया जाता है.
पोलियो, कुष्ट रोग व गर्भवती महिलाओं को दिया जाने वाला टीकाकरण भी शामिल किया जाता है. सरकार हमलोग को वेतन नहीं देती है. प्रोत्साहन के रुपये से ही घर परिवार चलता है.
हमलोगों ने कई बार स्वास्थ्य प्रबंधक, लेखापाल, प्रभारी से इसकी शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. इससे हमलोग के समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गयी है. हमलोगों को 2014 से लेकर अभी तक किसी भी तरह के प्रोत्साहन रुपये नहीं दिया गया है. लेखापाल के पास जाते हैं तो वो भी हमारी समस्या को नजरअंदाज कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं.
कहते है कि ज्यादा बोलोगी तो हटा देंगे. इस संबंध में प्रभारी डाक्टर बीएन चौधरी किसी भी तरह की जानकारी देने से असमर्थता जतायी.
