राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बाेले डीएम
युवा व भावी मतदाताओं के सशक्तीकरण को किया फोकस
बेहतर करनेवाले 13 बीएलओ हुए सम्मानित
नवादा नगर : यूरोप, अमेरिका जैसे महाद्वीपों से भी पहले भारतीय संविधान ने समानता का अधिकार देकर महिला-पुरुष सभी को बराबरी का हक दिया. उक्त बातें डीएम मनोज कुमार ने नगर भवन में आयोजित मतदाता दिवस कार्यक्रम में कहीं. लोगों को मतदाता दिवस के जागरूकता के लिए बैज व टोपी दी गयी. डीएम ने नये पंजीकृत वोटरों को शपथ दिलायी. उन्होंने कहा कि समानता का अधिकार भारत की सबसे बड़ी ताकत है. भारतीय लोकतंत्र में सभी समान रूप से अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकते हैं.
चुन कर आये प्रतिनिधि भी सबके प्रतिनिधि होते हैं. लोगों को अपने लोकतंत्र की ताकत को पहचान कर इसे मजबूत बनाने की जरूरत है. देश में सबसे अधिक युवाओं की संख्या है. युवा वर्ग वोट के दिन को छुट्टी के रूप में मनाने लगे हैं, इसलिए आयोग को जागरूक करने के लिए स्वीप जैसे कार्यक्रम शुरू करने पड़ रहे हैं. लोकतंत्र के सिस्टम में आस्था व निष्ठा रखने की जरूरत है. देश की खूबसूरती है कि लोकसभा के चुनाव में 70 से 75 करोड़ मतदाता व्यवस्थित तरीके से बनाये गये उपायों के तहत अपने वोट डालते हैं. इसे देखने व इससे सीखने के लिए दुनिया के सभी देशों के लोग यहां पहुंचते हैं.
नये वोटरों को मिले पहचानपत्र
नये वोटरों के बीच पहचानपत्र का भी वितरण किया गया. डीएम मनोज कुमार ने भी माना कि विभागीय स्तर पर कमियों के कारण कई मतदाताओं के नाम अब तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ पाये हैं. नये मतदाताओं के वोटर आइडी कार्ड बना लिये गये हैं. डीडीसी एसएम कैसर सुल्तान, सदर एसडीओ राजेश कुमार, डीआरडीए निदेशक वीणा प्रसाद, सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी ने भी अपने विचार रखे. वक्ताओं ने भारत की क्षमता में गणतंत्र की ताकत को समझने की बात कही. आज ही के दिन चुनाव आयोग की स्थापना हुई थी, इसलिए इसे मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है. मौके पर श्रवण कुमार वर्णवाल, श्रवण कुमार वर्णवाल आदि थे.
