ठेके पर स्थानीय व पटना-बिहारशरीफ में रहनेवाले इंजीनियर व आर्किटेक्ट को नक्शा बनाने का दिया गया अधिकार
रविवार को दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत व दो मजदूर हो गये थे घायल
नवादा नगर : शहरी क्षेत्रों में नियम कानून को दरकिनार कर कंक्रीट के बड़े-बड़े मकान बनाये जा रहे हैं. नगर पर्षद क्षेत्र में नया मकान बनवाने के लिए नक्शा का पास होना जरूरी है. लेकिन, बनाये जा रहे अधिकतर मकानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. यही कारण है कि आये दिन बड़ी घटनाएं होती है.
रविवार को पुरानी जेल रोड स्थित गौरी लाल के मकान में अंडरग्राउंड की ढलाई के समय दीवार गिर जाने से एक मजदूर की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गये. शहरी क्षेत्र में लगातार नये मकान बनाये जा रहे है.
मकान के निर्माण में यदि बैंक से लोन या अन्य सुविधाएं प्राप्त करना होता है तो ही वे नक्शा बनाने का काम करते हैं, अन्य लोग तो नक्शा बनवाने के लिए नगर पर्षद तक पहुंचते भी नहीं हैं.
नक्शा बनवाने की प्रक्रिया है जटिल नगर पर्षद में नक्शा पास करवाने की प्रक्रिया जटिल होने के कारण भी अक्सर लोग प्राइवेट स्तर या ठेकेदारों द्वारा सुझाये गये नक्शे के आधार पर ही मकान बनवाना पसंद करते हैं. सरकारी स्तर पर नक्शा बनवाने के लिए नगर पर्षद के पास कोई भी इंजीनियर या आर्किटेक्ट नहीं है. ठेके के आधार पर स्थानीय के साथ पटना-बिहारशरीफ जैसे शहरों में रहनेवाले इंजीनियर व आर्किटेक्ट को नगर पर्षद द्वारा नक्शा बनाने का अधिकार दिया है. स्थानीय स्तर पर इनके कोई कर्मचारी या कार्यालय नहीं होने के कारण अक्सर नक्शा पास करवाने में जायज नाजायज रूप से रुपये की वसूली की जाती है.
पिछले साल महज 90 आवेदन आये
पिछले वित्तीय वर्ष में नगर पर्षद में नक्शा पास करवाने के लिए महज 90 आवेदन आये थे. इनमें से लगभग 80 नक्शा को पास किया गया है. नगर क्षेत्र में लगातार कई नये मुहल्लों का विस्तार हो रहा है. यहां बड़ी संख्या में नये मकानों को बनाया जा रहा है. वार्ड नंबर 28 में अांबेडकर नगर, डोभरा पर आदि मुहल्लों में लगातार नये मकान बनाये जा रहे है. इसी प्रकार वीआइपी कॉलोनी, नवीन नगर, मिर्जापुर, न्यू एरिया आदि मुहल्लों में नये घर बनाये जा रहे हैं. मेन रोड, पुरानी बाजार, स्टेशन रोड आदि में कई नये निर्माण हो रहे हैं. पुराने घरों को तोड़ कर अंडरग्राउंड निर्माण के साथ मार्केट का रूप दिया जा रहा है. इसके लिए बगैर अनुमति के ही सारा काम करवाया जा रहा है, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है. नगर पर्षद क्षेत्र में यदि कोई नया निर्माण बिना नक्शा पास किये करवाया जा रहा है, तो इसे रोकने की पहल अधिकारियों द्वारा नहीं की जाती है.
नगर पर्षद के पैनल इंजीनियर
सब्बीर आलम, फुलवारी शरीफ पटना
प्रेम कुमार तिवारी, आरा भोजपुर
बिश्वंधर प्रसाद सिंह, राजेंद्र नगर नवादा,
राम रेखा सिंह, राजेंद्र नगर नवादा,
देवेंद्र कुमार, गढ़पर नवादा
पैनल के आर्किटेक्ट
प्रशांत सिन्हा, गया
मोहम्मद सईद आलम अंसारी, प्रसाद बिगहा नवादा
मुकेश कुमार, पटना
विकास कुमार, नगर थाना के सामने, नवादा
निशी जैन, आरा भोजपुर
आशुतोष कुमार, नवादा
अरुण कुमार, पटना
उमाशंकर कुमार, पटना
