मुख्यमंत्री के आगमन की औपचारिक पुष्टि होनी बाकी
नेमदारगंज पंचायत में बन सकता है दौरा का कार्यक्रम
नवादा नगर. जिला प्रशासन की बदली गतिविधियों से सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री का दौरा 28 जनवरी को होने जा रहा है. हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है. लेकिन, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों में कोई कमी नहीं रख रहा है. नेमदारगंज पंचायत के सुपौल गांव को मुख्यमंत्री के दौरे के लिए चुने जाने की संभावना है. पिछले छह माह से भी अधिक समय से गांव में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जा रहा है. जिले का पहला शौच मुक्त गांव होने का खिताब भी इसी गांव को मिला हुआ है.
प्रशासन द्वारा इसके लिए गांव में डीएम का जनता दरबार लगा कर कई महत्वपूर्ण काम को पूरा किया गया है. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के सात निश्चय हर घर को नल का जल, हर घर बिजली का कनेक्शन आदि काम को पूरा होने का एहसास इस गांव में होता है. प्रशासन के कोई भी अधिकारी मुख्यमंत्री के यात्रा को लेकर बननेवाले कार्यक्रम के बारे में कहने से बच रहे हैं, लेकिन सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग के पुराने काम को पूरा करने के साथ ही सभी पेंडिंग फाइलों को पूरा करने में सक्रिय दिख रहे हैं. समाहरणालय में मुख्यमंत्री के आगमन की आहट का एहसास आसानी से हो जा रहा है.
