घायलों के बयान पर मकान मालिक व ठेकेदार के खिलाफ दर्ज होगी प्राथमिकी
नवादा नगर : घर की छत ढलाई करने आये मजदूरों के लिए रविवार की सुबह काल बन कर आया. पुरानी जेल रोड में सावित्री सेवा सदन के पास बनाये जा रहे पुरानी बाजार निवासी गौरी लाल के मकान की छत ढलाई थी. ढलाई शुरू करने के लिए जैसे ही मिक्सिंग मशीन को चालू किया गया, उत्तर दिशा की 10 इंच की दीवार ढह गयी. इसकी जद्द में आने से अकबरपुर थाना क्षेत्र के सवैया गोपालपुर निवासी वीरू मांझी की मौत हो गयी. स्व रामसहाय मांझी के बेटे वीरू मांझी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. गोविंद मांझी पिता अतुल मांझी व श्रवण राजवंशी पिता बनवारी राजवंशी बुरी तरह से घायल हो गये. इसका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. घटना के तत्काल बाद स्थानीय लोगों की मदद से दीवार के नीचे दबे गोविंद मांझी को निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गौरी लाल के मकान निर्माण हो रहा है. पुरानी दीवार को हटाये बिना छत ढलाई की तैयारी थी. छत ढलाई के लिए सामग्री तैयार करने के लिए जैसे ही मिक्सिंग मशीन शुरू किया गया. उसके कंपन से खड़ी पुरानी दीवार गिर गयी. काम करने आये मजदूर इसकी चपेट में आ गये. घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ राजेश कुमार मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रण में किया. थाना इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पुलिसकर्मी के साथ भीड़ को संभालने में व्यस्त दिखे. मकान बनाने का काम ठेकेदार मिथिलेश सिंह द्वारा कराया जा रहा था. प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए अर्थमूवर से शेष बचे पुरानी दीवार को तोड़ा तथा मलबे को साफ करवाया. टाउन इंस्पेक्टर अंजनी कुमार ने बताया कि घायलों के बयान के आधार पर मकान मालिक गौरी लाल व ठेकेदार मिथिलेश सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
