चुनाव. सिरदला व मेसकौर की 25 पंचायतों में मतदान आज, नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में सुबह सात से तीन बजे तक ही पड़ेंगे वोट
पहले चरण में हिंसक झड़प को देख दूसरे चरण के लिए प्रशासन ने किये कड़े इंतजाम
नवादा (नगर) : सिरदला व मेसकौर में सुबह सात बजे से गुरुवार को मतदान प्रक्रिया शुरू होगी. नक्सलग्रस्त क्षेत्र में चुनाव को लेकर व्यापक इंतजाम का दावा किया जा रहा है. पहले चरण का चुनाव हिसंक झड़प के साथ समाप्त हुआ था. इसमें एक की हत्या के साथ ही कई लोग घायल भी हुए थे.
नक्सलग्रस्त क्षेत्र होने के कारण इन दोनों प्रखंडों में प्रशासन को चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण कार्य होगा. सिरदला की 15 व मेसकौर की 10 पंचायतों में मतदान होने हैं. इसके लिए सिरदला प्रखंड में जिला पर्षद पद के 19, मुखिया के लिए 219, सरपंच के लिए 95, पंचायत समिति सदस्य के लिए 165, वार्ड सदस्य के लिए 546 व पंच के लिए 76 उम्मीदवार हैं. मेसकौर प्रखंड में जिला पर्षद पद पर 17, मुखिया पद पर 146, सरपंच पद पर 53, पंचायत समिति सदस्य पद पर 104, वार्ड सदस्य के लिए 364 व पंच के लिए 129 उम्मीदवारों हैं. इनके भाग्य का फैसला एक लाख 88 हजार 482 मतदाता करेंगे.
सिरदला प्रखंड में एक लाख 14 हजार 222 मतदाताओं में पुरुष वोटरों की संख्या 59 हजार 701 है तथा महिला वोटरों की संख्या 54 हजार 511 है. मेसकौर प्रखंड में पुरूष वोटरों की संख्या 38 हजार 964 व महिला वोटरों की संख्या 35 हजार 296 है. चुनाव में मतदाता निर्भिक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम करने की बात कही जा रही है. वोटरों को सुरक्षित तरीके से मतदान कराने के लिए नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में पुलिस की गतिविधियां बेहतर बनायी गयी है. नक्सली गतिविधियों पर पैनी नजर रहेगी. अर्द् सैनिक बल एरिया डोमिनेशन का काम किये हैं. डीएम, एसपी के आदेश पर छापेमारी अभियान कर अपराधियों की धर पकड़ भी किया गया है. केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल सुरक्षा के इंतजाम को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं.
लापरवाही नहीं की जायेगी बरदाश्त
चुनाव के लिए सिरदला प्रखंड में 33 व मेसकौर प्रखंड में 22 सेक्टर बनाये गये हैं. इसके अलावे सुपर जोनल, जोनल स्तर के दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे. डीएम मनोज कुमार व एसपी विकास बर्मन ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी, जो अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करते पाये जायेंगे उनपर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
सिरदला. गुरुवार को सिरदला व मेसकौर प्रखंडों में होनेवाले पंचायत चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर तीन हजार फोर्स सुरक्षा की कमान संभालेंगे. उक्त जानकारी वरीय पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ने देते हुए बताया कि नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में बुधवार से ही एरिया डोमिनेशन चलाया जा रहा है. सिरदला व मेसकौर प्रखंड क्षेत्र में सीपीएमएफ की कंपनियों द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है.
बूथों पर पहुंचे मतदानकर्मी
सिरदला प्रखंड की साढ मंझगांवा, अब्दुल, चौकिया, खटांगी, घघट, बांधी, सिरदला, अकौना, उपरडीह, लौंद, बड़गांव, राजन, खनपुरा, चौबे व धिरौंध पंचायतों में चुनाव होने हैं. मेसकौर प्रखंड के मिर्जापुर, बिसिआइत, बड़ोसर, तेतरिया, सहवाजपुर सराय, बारत, रसलपुरा, अकरी पांडेय बिगहा, बिजु बिगहा व मेसकौर पंचायतों में चुनाव होने हैं. चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गयी है. बुधवार को सभी पोलिंग पार्टी को पीसीसीपी की मदद से बूथों तक पहुंचाया गया है. प्रशासन मुस्तैदी के साथ चुनाव संपन्न कराने को सक्रिय है.
