नवादा कार्यालय : जिला पदाधिकारी मनोज कुमार व एसपी विकास बर्मन ने पंचायत चुनावों के मद्देनजर संयुक्तादेश जारी किया है. इसके तहत पंचायत चुनाव में चुनावी खर्च पर नजर रखने हेतु उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है.
पंचायत चुनावों के दौरान चुनाव लड़नेवाले प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने हेतु पैसे, कपड़े वितरण, अवैध शराब वितरण आदि की आशंकाओं को देखते हुए निर्वाचन नियमों की सुसंगत धाराओं के तहत प्रभावकारी कार्रवाई करते हुए उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है. इस दल के नोडल पदाधिकारी आदित्य नारायण वाणिज्य कर उपायुक्त बनाये गये हैं. उप विकास आयुक्त एसएम कैसर सुल्तान को उड़नदस्ता दल का वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है. प्रत्येक अनुमंडल पुलिस कार्यालय में तीन-तीन उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, इसमें 18 दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इस दल द्वारा अपने क्षेत्रों के अंतर्गत होने वाले गैर कानूनी गतिविधियों जैसे शराब वितरण, अवैध वस्तु आदि पर नजर रखना व उसे नियंत्रित करना है.
उड़नदस्ता दल सभी शिकायत योग्य निर्वाचन व्यय व आदर्श आचार संहिता से संबंधित मामलों पर तुरंत कार्रवाई करेंगी तथा पंचनामा दस्तावेज आदि तैयार करेंगी. यदि नगदी, उपहार वस्तुएं, शराब या मुफ्त भोजन के वितरण के बारे में या निर्वाचकों को धमकी देने व डराने के बारे में या हथियारों, गोला बारूद, असामाजिक तत्वों की आवाजाही के बारे में शिकायत प्राप्त हो और उड़नदस्ते का घटना स्थल पर तत्काल पहुंच पाना संभव नहीं हो, तो सूचना नजदीक के स्थैतिक निगरानी टीम या स्थानीय थानाध्यक्ष को भेजा जा सकता है.
इस दल द्वारा किये गये सभी कार्रवाई की वीडियोग्राफी होगी. उड़नदस्ता दल के प्रभारी पदाधिकारी द्वारा रिश्वत लेने व देनेवाले व्यक्तियों, ऐसे अन्य व्यक्ति जिनसे मतदाताओं को लुभाने वाले वस्तुएं जब्त की गयी हैं, के विरुद्ध शिकायतें या एफआइआर तत्काल दाखिल करायी जायेगी. अवैध नगदी का आदान-प्रदान या शराब का वितरण या अन्य वस्तु जिससे वोटरों को प्रलोभित किया जा सके, का पता लगायेंगे व विधि सम्मत आवश्यक कार्रवाई करेंगे. उड़नदस्ता दल द्वारा भ्रष्ट आचरण की संगीनता व इस हेतु प्रावधानित दंड का प्रचार सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से अपने क्षेत्राधिकार में स्थानीय भाषा में कराया जायेगा. उड़नदस्ता दल के पदाधिकारी आवश्यकतानुसार शिकायतकर्ता से भी संपर्क करेंगे.
