Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र की फरका बुजुर्ग पंचायत स्थित मानडीह गांव के समीप पुलिस ने छापेमारी कर पांच बाइकों पर लदी 380 लीटर महुआ शराब जब्त की. इस कार्रवाई में पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य तस्कर अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गये.
सतगीर गांव के पास बाइक से मिली 213 लीटर शराब
वहीं, दूसरी कार्रवाई में सतगीर गांव के समीप एक बाइक पर लदी 213 लीटर महुआ शराब बरामद की गयी. इस दौरान शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. दोनों कार्रवाई एएसआइ जयप्रकाश चौधरी ने सशस्त्र पुलिस बल के सहयोग से की.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र को शराब मुक्त बनाने के लिए शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री और सेवन के खिलाफ ग्रामीण और जंगली क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि शराब की खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद एएसआइ जयप्रकाश चौधरी को सशस्त्र बलों के साथ छापेमारी के लिए भेजा गया.
पुलिस को देखते ही भागने लगे तस्कर
मानडीह गांव के समीप पुलिस को देखते ही तस्करों का जत्था भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गये. गिरफ्तार तस्कर की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के रामदेव मोड़ निवासी बाबूलाल राजवंशी के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है.
दोनों मामलों में प्राथमिकी, गिरफ्तार तस्कर जेल भेजा गया
पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. गिरफ्तार तस्कर का गुरुवार को मेडिकल जांच कराया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. वहीं, फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
Also Read : 16 सूत्री मांगों को लेकर कांग्रेस का नवादा में धरना, आरओबी निर्माण और रोह को अनुमंडल बनाने की मांग उठी
