अस्पताल रोड में घर का ताला तोड़ कर चोरी के घटना को दिया अंजाम
नवादा : शहर में चोरी की घटनाएं दिनों दिन बढ़ती जा रही है. बावजूद चोरों का आज तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पिछले एक माह में शहर के प्रमुख इलाकों में आधा दर्जन चोरी की घटनाएं हो गयी है.
बुधवार की देर रात अस्पताल रोड हाट पर निवासी मोहम्मद सईयद असलम के घर का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. गुरुवार की सुबह जब स्थानीय लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा तो इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दिया गया. इसके बाद पुलिस ने घटना की पूरी जायजा लिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि घर का मालिक एक माह से घर में ताला लगा कर अपने बेटों के पास दिल्ली गये हुए हैं.
घटना की सूचना घर के मालिक को दे दिया गया है. नगर थाना के एसआइ धर्मेद्र कुमार ने बताया कि घर के मालिक को आने के बाद ही चोरी गयी संपत्ति का ब्योरा मिल पायेगा. गौरतलब हो कि पहले उक्त घर के पास ही राजेंद्र लाल का दुकान में चोरी हो गयी थी.
इसके अलावा जवाहर नगर म्यूजियम के समीप तीन मोटर गैराजों में एक साथ चोरी की घटना तथा भगत सिंह चौक के समीप एक मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम चोरों ने दिया था. बावजूद अभी तक एक घटना का उजागर नहीं हो सका है.
चोरी की हो रही घटनाओं में खास यह बात है कि सभी छह स्थानों पर जहां भी चोरी हुई है वह सभी शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित है. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से शहरवासी दहशत में आ गये हैं. सुरक्षा के लिए रात में की जाने वाली पुलिस गश्ती महज खानापूर्ति किया जा रहा है. इससे पुलिस से आम लोगों का भरोसा उठ रहा है.
