नवादा : जिले में बुधवार को दोपहर बाद तेज आंधी आयी. इसके कारण पूरा शहर धूल से भर गया. सूखी आंधी के रूप में इसने शहर को पूरी तरह से अपनी आगोश में ले लिया. इसके कारण सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया. घर के अंदर भी लोगों को दरवाजे और खिड़कियां बंद कर के रहना पड़ा. खासकर दुकानदारों ने फटाफट अपनी दुकानों के शटर गिरा दिये. समाहरणालय मुख्यालय पर बने एक तोरण द्वार भी इस तेज आंधी का शिकार होकर गिर गया.
लोगों की मदद से इसे हटाया गया. जिले के रजौली-नवादा एनएच-31 पर भी तेज आंधी का जबरदस्त असर देखा गया. कई पेड़ सड़क के किनारे गिर गये. इसके कारण यातायात प्रभावित हुआ. पकरीबरावां में तेज आंधी के कारण कई दुकानों के शेड उड़ गये.आंधी के कारण शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी पोल खुल गयी.
