रात पौने दस बजे अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली
घटनास्थल पर गयी मुनेश्वर यादव की जान
नवादा : सिरदला थाने के खरौंद व ठेकाही मोड़ के पास निजी क्लिनिक चलाने वाले ग्रामीण चिकित्सक (32 वर्ष) मुनेश्वर यादव की गोली मार कर हत्या अपराधियों ने शुक्रवार की रात करीब 9:45 बजे कर दी.
वह गया जिले के फतेहपुर थाने के केवाल (गुरपा) गांव के रहनेवाले परमेश्वर यादव उर्फ रामप्रसाद यादव का बड़ा बेटा था. घटना की जानकारी पाते ही सिरदला थाने की पुलिस वहां पहुंची और मामले की छानबीन की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और हमलावरों की पकड़ने को लेकर आसपास के सीमावर्ती थानों की पुलिस का एलर्ट किया. दारोगा ने बताया कि घटना उनके क्लिनिक के पास ही हुई है. हत्या किन कारणों से की गयी है, इस मामले की छानबीन की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, मुनेश्वर यादव को उसके गांववाले मुनी यादव भी कहते थे. करीब पांच वर्ष पहले उसकी शादी फतेहपुर की दक्षिण लोधवे पंचायत के कोढ़िया गांव में हुई थी.
उसके तीन बच्चे भी हैं. मुनेश्वर यादव के पिता परमेश्वर यादव रेलवे से रिटायर्ड हैं. वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था. करीब पांच महीना पहले मुनेश्वर यादव सिरदला के ठेकाही मोड़ के पास प्रैक्टिस करना शुरू किया था. शुक्रवार की रात करीब पौने दस बजे गरमी को लेकर वह अपने क्लिनिक के बाहर बैठे थे. तभी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उक्त चिकित्सक के सिर में गोली मार कर गया जिला की ओर जाने वाली रास्ते के तरफ फरार हो गये.
स्थानीय लोगों ने बताया कि श्री यादव का क्लीनिक बाजार से थोड़ा दूरी पर है, इसलिए वह जगह रात को सुनसान रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि दो लोगों को गया की तरफ बाइक पर तेजी से भागते हुए देखा गया. इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति है.
