कहीं निर्विरोध, तो कहीं वोटिंग से हुआ गठन
नवादा नगर : नवादा नगर पर्षद के अलावा वारिसलीगंज नगर पंचायत व हिसुआ के बोर्ड का गठन शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया. नगर पर्षद नवादा में वोटिंग के आधार पर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव कराया गया. नये अध्यक्ष के रूप में कौशल यादव खेमे की पूनम कुमारी ने रंजीत कुमार उर्फ राजा को हरा कर अध्यक्ष तथा जमील अख्तर ने रीना कुमारी को हरा कर उपाध्यक्ष के पद पर कब्जा जमाया. निर्वाची पदाधिकारी के रूप में रहे डीडीसी एमएस कैसर सुलतान ने सबसे पहले सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी. बारी-बारी से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव का आयोजन किया.
नगर पंचायत हिसुआ में अध्यक्ष के रूप में कुंती देवी को र्निविरोध चुना गया जबकि शंभु शर्मा ने मनोज कुमार को 13-4 वोटों के अंतर से हराकर उपाध्यक्ष के पद कब्जा जमाया. वारिसलीगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद निर्विरोध चयनित किया गया. मो. इलियास अध्यक्ष बने तथा शंभु प्रसाद उपाध्यक्ष बनाये गये. नगर निकाय की अपनी सरकार बनाने को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही बैठक स्थलों पर गहमागहमी का माहौल बना रहा.
समाहरणालय में आवाजाही पर रही रोक
नवादा नगर. नगर निकायों के चेयरमैन के चुनाव को लेकर सुरक्षा बलों की पर्याप्त व्यवस्था समाहरणालय व प्रखंड कार्यालय में की गयी थी़ नगर पर्षद नवादा के अलावा हिसुआ नगर पंचायत के लिए समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार तथा समाहरणालय सभागार में इंतजाम किया गया था. वारिसलीगंज नगर पंचायत का चुनाव नवादा प्रखंड सभागार में कराया गया.
दो स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल का इंतजाम कर दिया गया था. सुबह साढ़े नौ बजे के बाद से ही समाहरणालय का मुख्य दरवाजा बंद कर पास के छोटे दरवाजे से खास लोगों को ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा था. बैठक शुरू होने की अवधि तक समाहरणालय परिसर लगभग आम लोगों से खाली करा लिया गया. वार्ड सदस्यों के प्रमाण पत्रों की जांच करा कर अंदर प्रवेश कराया गया.
अधिकारियों के द्वारा बैठक के अंदर मोबाइल या अन्य किसी प्रकार की प्रतिबंधित चीजों को नहीं ले जाने की जानकारी भी वार्ड सदस्यों को दी जा रही थी़बोर्ड गठन के लिए सुबह 10 बजे से बैठक होने के कारण सुबह आठ बजे से ही सुरक्षा बलों व मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गयी थी़ जबकि नगर पर्षद के लिए नये चेयरमैन प उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शाम साढ़े तीन बजे तक चलती रही़ इस दौरान सुरक्षा बलों के लिए पानी की भी व्यवस्था नहीं की गयी थी़ अधिकारी व सुरक्षा बल के जवान भोजन पानी के लिए ड्यूटी के दौरान परेशान दिखे.
