Nalanda News (सुनील कुमार की रिपोर्ट): दिल्ली और मुजफ्फरपुर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सरकार के निर्देश पर नालंदा जिले में फायर सेफ्टी जांच अभियान तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में अग्निशमन विभाग की टीम ने बिहारशरीफ सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान प्रसूति वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी और दवा भंडारण कक्ष समेत विभिन्न विभागों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.
एक्सपायर मिला फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट
निरीक्षण के दौरान अस्पताल का फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट एक्सपायर पाया गया. इस पर अग्निशमन विभाग ने अस्पताल प्रशासन को जल्द से जल्द प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया. विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है.
100 से अधिक संस्थानों को नोटिस
अग्निशमन विभाग की कमांडेंट ममता कुमारी ने बताया कि जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ-साथ होटलों का भी लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. अब तक 100 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी कर फायर सेफ्टी मानकों में सुधार करने का निर्देश दिया गया है.
15 दिनों में सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गई हैं, उन्हें 15 दिनों के भीतर दूर करना होगा. निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कई संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जांच अभियान के दौरान कई अस्पतालों और होटलों में फायर सेफ्टी व्यवस्था में खामियां सामने आई हैं. विभाग का मानना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकती है. इसी को देखते हुए पूरे जिले में विशेष निगरानी और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है.
Also Read: नालंदा के 9800 घरों में लगेंगे मुफ्त सोलर पैनल, 14 जून को मुख्यमंत्री करेंगे योजना का शुभारंभ
