मनियारी मारपीट मामला: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघी गांव (वार्ड संख्या 09) में अवैध ताड़ी बिक्री और नशेबाजी का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया. असामाजिक तत्वों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया. इस हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. पीड़ित की पहचान बाघी गांव निवासी 40 वर्षीय मंजय कुमार मांझी के रूप में हुई है.
बच्ची को स्कूल से लाने के दौरान रास्ते में घेरा
घटना बीते 29 जुलाई की शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है. पीड़ित मंजय कुमार मांझी अपनी मासूम बच्ची को स्कूल से घर लाने जा रहे थे. तभी रास्ते में घात लगाए बैठे गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें जबरन रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया.
- नामजद आरोपी: पीड़ित ने गांव के ही कलेश्वर मांझी, राजा मांझी, सुमित्रा देवी और किशन मांझी पर सुनियोजित तरीके से मारपीट करने का आरोप लगाया है.
- हमले का कारण: मंजय लगातार गांव में अवैध ताड़ी बेचने और खुलेआम नशाखोरी करने का कड़ा विरोध कर रहे थे, जिससे आरोपी रंजिश पाले हुए थे.
- जान से मारने की धमकी: मारपीट के दौरान आरोपियों ने शोर मचाने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी.
ग्रामीणों ने बचाया, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
मंजय की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. लोगों ने बीच-बचाव कर लहूलुहान हालत में पीड़ित को संभाला और आनन-फानन में इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार मंजय के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं और इमरजेंसी वार्ड में उनका सघन उपचार जारी है.
पुलिस ने दर्ज किया फर्दबयान, छानबीन जारी
वारदात की सूचना मिलते ही मनियारी थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती पीड़ित मंजय मांझी का विधिवत फर्दबयान दर्ज किया. पुलिस का कहना है कि दर्ज बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: टेबल पर जूते पहनकर सोते दिखे विद्यालय सहायक, महिला प्राचार्या और शिक्षकों ने खोला मोर्चा
