Web Series Style Murder: क्राइम थ्रिलर वेबसीरीज की खौफनाक पटकथा अब असल जिंदगी में उतर आई है. शहर के रामबाग में रिटायर्ड बैंक अधिकारी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की हत्या को जिस शातिराना अंदाज में अंजाम दिया गया,उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं. कातिल ने वारदात से पहले सर्जिकल ग्लव्स, टेप और पॉलिथिन खरीदे.सड़क पर पसरे सन्नाटे का फायदा उठाते हुए शाम के वक्त कत्ल का ऐसा खेल खेला गया, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में किसी भी बाहरी संदिग्ध के अंदर दाखिल होने की तस्वीर तक कैद नहीं हुई! पुलिस का अंदेशा है कि कातिल घर के अंदर ही घात लगाए बैठा था.
दो दिन पूर्व आए किरायेदार पर शक, उसी के कमरे में मिली लाश
पुलिस की सुई दो दिन पहले आए उस नए और रहस्यमयी किरायेदार पर टिक गई है, जो कत्ल के बाद से अचानक गायब है. नीलम कुंवर की खौफनाक लाश उसी के कमरे से बरामद हुई. कातिल को घर के हर कोने, सीसीटीवी की लोकेशन और बाकी किरायेदारों के आने-जाने के समय की पूरी खबर थी. जो किरायेदार ने कमरा लिया है, उसे अन्य रेंटर पहचानते भी नहीं है.
चेहरे पर टेप लपेटकर की गई थी हत्या
हत्यारे ने सबसे पहले नीलम कुंवर की हत्या की. उसने नीलम का हाथ-पैर बांधकर पूरे चेहरे पर पॉलिथिन लपेटी,टेप चिपकाया और फिर बेरहमी से गला रेत दिया. इसके बाद बैंक अधिकारी को भी रास्ते से हटा दिया गया. पुलिस जांच में यह पता चला है कि हत्यारे को पहले से ही घर के रास्ते, किस-किस जगह पर सीसीटीवी हैं, किस फ्लोर पर कौन रेंटर हैं, उनका आने- जाने का क्या टाइमिंग हैं, इसकी जानकारी थी.
साक्ष्य मिटाने के लिए दोनों फोन किया गायब
वारदात के बाद कातिल दंपती के दोनों मोबाइल फोन अपने साथ ले गया ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले. शाम साढ़े चार बजे के बाद से दोनों फोन स्विच ऑफ हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईयू, एसटीएफ और सर्विलांस टीम ने इलाके में टावर डंप कर अंतिम लोकेशन खंगालना शुरू कर दिया है. सिटी एसपी खुद पूरे ऑपरेशन की कमान संभाल रहे हैं.
शादी की 41वीं सालगिरह मनाई थी, 6 साल पहले का 'ब्रह्मपुरा कांड' दोहराया
अशोक कुंवर और नीलम कुंवर ने बीते 16 अप्रैल को ही अपनी शादी की 41वीं सालगिरह मनाई थी. पड़ोसियों के मुताबिक दोनों बेहद शांत स्वभाव के थे. इस वारदात ने साल 2020 के ब्रह्मपुरा हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं, जहाँ रिटायर्ड एआईजी दंपती की हत्या में नौकर ही मास्टरमाइंड निकला था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गायब किरायेदार की तलाश के जरिए कातिल तक पहुँचने में जुटी है.
ये भी पढ़ें: मोतीपुर चीनी मिल दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया तेज, 20 अमीन करेंगे 266 एकड़ जमीन का सीमांकन
