Muzaffarpur News: तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन दरधा गांव निवासी मजदूर मेघु सहनी (50) की हैदराबाद में काम के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई. घटना तीन दिन पूर्व की बताई जा रही है. गुरुवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
फैक्ट्री में काम के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार मेघु सहनी हैदराबाद की एक बुरादा फैक्ट्री में मजदूरी करते थे. काम के दौरान करीब 80 किलोग्राम वजन वाला बुरादा का बोरा उनके ऊपर गिर पड़ा. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
शव पहुंचते ही रो पड़े परिजन
गुरुवार को मृतक का शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.
जनप्रतिनिधियों ने दी सांत्वना
मुखिया सुमंगल सहनी, सरपंच रमेश सहनी और वार्ड सदस्य पप्पू निषाद मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
