तिरहुत रेंज अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, 100 बेल जंपर की जमानत होगी रद्द, भेजा जाएगा जेल

तिरहुत रेंज के डीआईजी ने अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए हैं. 100 से अधिक बेल जंपर्स की जमानत रद्द होगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

तिरहुत रेंज के डीआइजी चंदन कुमार कुशवाहा ने शुक्रवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक किया. इस दौरान रेंज के चारों जिला मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर व वैशाली में अपराध नियंत्रण व आगामी श्रावणी मेला पर सुरक्षा की तैयारियों को रणनीति तैयार की. डीआइजी ने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी व संवेदनशील बनाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं. बैठक में मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र,सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अलावा सीतामढ़ी व शिवहर एसपी भी शामिल थे.

सीएम शिवहर में 19 जुलाई को करेंगे बेलवा डैम उद्घाटन , हाई अलर्ट

मुख्यमंत्री 19 जुलाई शिवहर जिले के बेलवा डैम का उद्घाटन करने आ रहे हैं. इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए डीआइजी ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शिवहर एसपी को विशेष निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए तिरहुत क्षेत्र के अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाकर शिवहर में प्रतिनियुक्त किया जा रहा है.

जमानत पर छूटे 100 से अधिक अपराधियों की जमानत होगी रद्द

क्राइम कंट्रोल को लेकर डीआइजी ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है. बैठक में बताया गया कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद दोबारा आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों को चिन्हित किया गया है. ऐसे तीन बड़े अपराधियों की जमानत रद्दीकरण का प्रस्ताव कोर्ट में भेजा जा चुका है. इसके अतिरिक्त क्षेत्र के 100 से अधिक ऐसे अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जिसकी जमानत रद्द कराने का प्रस्ताव जल्द ही माननीय न्यायालय में समर्पित किया जाएगा.

जून में दर्ज मामलों से अधिक 642 कांडों का हुआ निष्पादन

बैठक के दौरान तिरहुत रेंज के चारों जिलों में लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई. जून महीने में चारों जिला में कुल 3772 नए मामले दर्ज हुए थे, जिसके मुकाबले 4414 पुराने व नए मामलों का निष्पादन कर दिया. इस प्रकार दर्ज मामलों की तुलना में 642 अधिक कांडों को क्लोज किया गया.

शहरी इलाकों में बढ़ेगी पैदल गश्ती, लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

शहरों में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष नाका चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. मुख्य बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गाड़ी से गश्ती के साथ-साथ पैदल गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा.

एसपी करेंगे प्रत्येक सप्ताह नारकोटिक्स व अन्य सेल की समीक्षा

जिले में गठित नारकोटिक्स, आर्म्स और मद्यनिषेध सेल की समीक्षा अब एसपी स्तर पर हर सप्ताह की जाएगी. इसके अनुश्रवण के लिए एक समर्पित पुलिस अधिकारी नामित होंगे जो प्रतिदिन एसपी को अद्यतन रिपोर्ट देंगे. ड्रग्स का धंधा करने वालों को चिन्हित कर पिट एनडीपीएस के तहत जेल भेजने और नशीले पदार्थों की बिक्री वाले हॉट-स्पॉट्स पर नियमित छापेमारी करने का आदेश दिया गया है.आर्म्स एक्ट के तहत बड़ी संख्या में लंबित अभियोजन स्वीकृति आदेशों के लिए जिलाधिकारी कार्यालय से समन्वय बनाकर एक महीने में अंतिम प्रपत्र कोर्ट में जमा करने का आदेश दिया गया है.

स्कूल-कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक से फैलेगी जागरूकता

अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस सामाजिक स्तर पर भी अभियान चलाएगी. साइबर क्राइम, मानव तस्करी और ड्रग्स के बढ़ते मामलों से युवाओं को बचाने के लिए हर थाने के अंतर्गत आने वाले कम से कम एक स्कूल या कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों और बैनर-पोस्टरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा.

337 वारंट, 134 इश्तेहार व 75 कुर्की जब्ती के आदेश है पेंडिंग

इसके अलावा, थानों में वर्षों से लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती के मामलों को निपटाने के लिए एक महीने का अल्टीमेटम दिया गया है. समीक्षा में पाया गया कि जून 2026 तक पूरे क्षेत्र में 377 वारंट, 134 इश्तेहार और 75 कुर्की-जब्ती के आदेश तामिला के लिए पेंडिंग हैं, जिन्हें हर हाल में एक माह के भीतर निष्पादित करने और मालखाना का प्रभार सौंपने का कड़ा निर्देश दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandan

Published by: Sumit Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >