Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम परिवार के लिए सोमवार की शाम भावुक और सम्मानपूर्ण रही. वर्षों तक निगम में निष्ठापूर्वक सेवा देने वाले कर संग्रहकर्ता रामबाबू सिंह, सफाई कर्मी अजय मसीह और कामेश्वर पासवान के सेवानिवृत्त होने पर नगर निगम सभागार में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप नगर आयुक्त स्वरा ने की. इस दौरान वक्ताओं ने तीनों कर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं.
तीन कर्मियों को सम्मान के साथ दी गई विदाई
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में वार्ड 27 और 28 के कर संग्रहकर्ता रामबाबू सिंह तथा सफाई कर्मी अजय मसीह और कामेश्वर पासवान शामिल रहे. समारोह में नगर निगम परिवार की ओर से उनके कार्यकाल और योगदान की सराहना की गई.
राजस्व और सफाई व्यवस्था में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
वक्ताओं ने कहा कि रामबाबू सिंह ने नगर निगम के राजस्व संग्रहण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं अजय मसीह और कामेश्वर पासवान ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाई. लंबे समय तक सेवा देने वाले इन कर्मियों के योगदान को नगर निगम परिवार ने सम्मान के साथ याद किया.
सेवानिवृत्ति के बाद नई पारी की शुभकामनाएं
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सह राजस्व शाखा प्रभारी रवि रंजन राज ने संघ एवं निगम परिवार की ओर से तीनों कर्मियों को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से मुक्त होने के बाद अब उनके जीवन में परिवार के साथ समय बिताने और नए सपनों को पूरा करने की नई पारी शुरू हुई है.
समारोह में भावुक हुआ नगर निगम परिवार
विदाई समारोह के दौरान वर्षों तक साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ अपने अनुभव साझा किए. वक्ताओं ने कहा कि सरकारी सेवा की अवधि भले समाप्त हो जाती है, लेकिन सहकर्मियों के साथ बिताए समय और उनके योगदान की यादें हमेशा बनी रहती हैं.
पदाधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
समारोह में प्रधान सहायक नूर आलम, स्थापना प्रभारी अजय कुमार मिश्र, स्वच्छता प्रभारी शिवेश, टैक्स दारोगा अखिलेश सिन्हा, गौरीशंकर प्रसाद, रघुनाथ, विभेषचंद्र ठाकुर, मुरली मनोहर, रामबाबू साह, चंद्र प्रकाश राणा, मनोज गुप्ता और मनोज सिंह सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: जहां पढ़ना चाहिए, वहीं पानी के लिए तरस रहे बच्चे, अकौना स्कूल की बदहाल तस्वीर
