बारिश में भीगा पारा, दिन-रात में चार डिग्री का फर्क

बारिश में भीगा पारा, दिन-रात में चार डिग्री का फर्क

37

अगले 24 घंटे में अच्छी बारिश के आसार, तापमान में भी गिरावट

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर बिहार में अगले 24 घंटों के दौरान अच्छी वर्षा होने के आसार हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अलर्ट है. यह अनुकूल मौसम परिस्थितियों के कारण हो रहा है, जिससे तराई व मैदानी क्षेत्रों के अधिकतर जिलों में अच्छी बारिश की उम्मीद है. इस अवधि के बाद, यानी 21 सितंबर तक, रुक-रुक कर हल्की वर्षा होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बारिश के दौरान तेज हवा चलने व आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जतायी है. इसके लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी व उमस से थोड़ी राहत मिली है. दूसरी ओर, मंगलवार को सुबह से शाम तक रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश से शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम था. वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस गिरावट के कारण दिन व रात के तापमान में महज चार डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है.

गिरावट के बाद भी गर्मी का असर

17 से 21 सितंबर तक के पूर्वानुमान में अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हवा की रफ्तार औसतन 6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जिसमें पूर्वी हवा का प्रभाव ज्यादा रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर पछुआ हवा भी चल सकती है.

:::::::::::::::::::::::::::::

12 घंटे ठप रही रेल कॉलोनी व स्टेशन की बिजली

मुजफ्फरपुर.

मंगलवार को सुबह से हो रही बारिश के बीच बिजली गुल होने से रेलवे स्टेशन व आसपास की कॉलोनियों में हाहाकार मच गया. सुबह 5 बजे गयी बिजली शाम 5 बजे तक वापस आयी. इसकी वजह से लोगों को 12 घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की सप्लाई भी ठप पड़ गयी. बताया गया है कि रामदयालु स्टेशन के पास भिखनपुरा ग्रिड से आने वाली 33 केवी की लाइन में खराबी आने से यह समस्या हुई. बिजली कटने से रेलवे स्टेशन पर लगे सभी स्टॉलों का काम ठप हो गया. फ्रिज बंद होने से कोल्ड ड्रिंक्स, पानी, दही व लस्सी जैसी खाद्य सामग्री प्रभावित हुई. फूड प्लाजा में भी इन्वर्टर कुछ घंटों बाद जवाब दे गया, जिससे पंखे बंद हो गए और यात्रियों को अंधेरे में ही खाना-पीना पड़ा. वहीं, रेलवे के अन्य दफ्तरों में सोलर पावर व जेनरेटर की मदद से काम चलाया गया. शाम करीब साढ़े पांच बजे बिजली बहाल होने के बाद ही रेलकर्मियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: LALITANSOO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >