Muzaffarpur : मटकोर के दिन मंडप से दूल्हा लापता, दुल्हन ने रचा ली दूसरे से शादी

Muzaffarpur : मटकोर के दिन मंडप से दूल्हा लापता, दुल्हन ने रचा ली दूसरे से शादी

सुमित कुमार, मुजफ्फरपुर जिले के गराहां थाना क्षेत्र के हमीदपुर गांव में एक ऐसी शादी की चर्चा है, जिसकी शुरुआत तो शहनाइयों से हुई, लेकिन अंत थाने के चक्करों और आंसुओं के साथ हो रहा है. जिस घर में पूजा-मटकोर की रस्में चल रही थीं और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहां अचानक मातम जैसा सन्नाटा पसर गया. 24 वर्षीय दूल्हा जितेंद्र कुमार ऐन मौके पर रहस्यमय तरीके से गायब हो गया. इधर दूल्हे के घरवाले उसे ढूंढने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे थे, उधर दुल्हन ने किसी और के साथ सात फेरे लेकर अपनी गृहस्थी बसा ली. परिजनों के अनुसार, घटना 25 अप्रैल की सुबह की है. जितेंद्र पिछले कई सालों से हरियाणा की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था और खास अपनी शादी के लिए ही गांव लौटा था. सुबह 6:00 बजे जितेंद्र घर से निकला. सुबह 7:30 बजे घर वालों से बात हुई, कहा कि बाजार में हूं. कुछ देर बाद दोबारा फोन आया, बताया कि वह बोचहां के बैंक से पैसे निकालने आया है और जल्द ही लौट रहा है. इसके बाद जितेंद्र का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वह फिर कभी घर नहीं लौटा. बहन का सनसनीखेज आरोप: “भाभी ने ही करवाया है भाई का अपहरण ” इस मामले में मोड़ तब आया जब जितेंद्र की बहन गुड़िया कुमारी ने अपनी होने वाली ””भाभी”” (दुल्हन) पर ही गंभीर आरोप लगाए. गुड़िया का कहना है कि लड़की मेरे भाई से दिन-रात बात करती थी. उसने कुछ दिन पहले कहा था कि वह इस शादी के खिलाफ है और उसे एक हफ्ते का समय चाहिए. हमें पूरा शक है कि उसी लड़की ने साजिश के तहत भाई को कुछ कहकर बुलाया और अब उसे गायब कर दिया है. तैयारी रह गयी अधूरी, उधर दुल्हन ने रचाया ब्याह घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि दूल्हे के गायब होने के बाद लड़की वालों ने जरा भी इंतजार नहीं किया. जहां जितेंद्र के घर पर बैंड-बाजा, भोज का इंतजाम और शादी का सारा सामान धरा का धरा रह गया, वहीं दूसरी ओर लड़की के परिजनों ने आनन-फानन में उसकी शादी किसी दूसरे लड़के से कर दी. यह जल्दबाजी अब पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु बनी हुई है. पुलिस की रडार पर कॉल रिकॉर्ड्स परिजनों ने गराहां थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है. गांव में इस ””मिस्ट्री”” को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. क्या जितेंद्र खुद शादी से भागा है या वाकई उसे किसी साजिश का शिकार बनाया गया है. इधर, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जितेंद्र के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. आखिरी बार उसकी बात किससे हुई और उसका लोकेशन कहां था, इसके आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >