STF Action: बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष कार्य बल (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात मुकेश पाठक गिरोह के सक्रिय सदस्य अरुण गिरी को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी एसटीएफ की विशेष टीम और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस की संयुक्त छापेमारी के दौरान हुई. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तुर्की थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर इस वांछित अपराधी को दबोच लिया.
तीन जिलों की पुलिस के लिए बना था सिरदर्द
गिरफ्तार अपराधी अरुण गिरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. वह मूल रूप से पूर्वी चम्पारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के बहलोलपुर का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, उस पर पूर्वी चम्पारण, सीतामढ़ी और सहरसा जिले के विभिन्न थानों में रंगदारी और लूट समेत कुल 03 गंभीर मामले दर्ज हैं. वह विशेष रूप से सीतामढ़ी के सुरसंड थाने में दर्ज रंगदारी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था.
गिरोह के नेटवर्क को लगेगा झटका
अरुण गिरी कुख्यात मुकेश पाठक गिरोह के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था और रंगदारी वसूलने में उसकी मुख्य भूमिका थी. बिहार एसटीएफ का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में मुकेश पाठक गिरोह के नेटवर्क को कमजोर करने में बड़ी मदद मिलेगी. फिलहाल पुलिस अरुण गिरी से उसके अन्य साथियों के ठिकानों और गिरोह की आगामी गतिविधियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
