बाबा गरीबनाथ आने वाले श्रद्धालु ध्यान दें, इस बार बदले रहेंगे नियम, मुजफ्फरपुर प्रशासन अलर्ट

जिला प्रशासन श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों में जुट गया है. बाबा गरीबनाथ मंदिर से हरिसभा चौक तक कांवरिया मार्ग का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं.

Shravani Mela 2026: श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. गुरुवार को एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव और एसडीपीओ टाउन-वन सुरेश कुमार ने बाबा गरीबनाथ मंदिर से हरिसभा चौक तक करीब पांच किलोमीटर लंबे कांवरिया मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी और उप नगर आयुक्त भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने अतिक्रमण, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए.

कांवरिया मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे लगे अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का काम तेज करने का निर्देश दिया. एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव ने बताया कि मार्ग से अस्थायी अतिक्रमण हटाया जा चुका है और दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए प्रतिदिन निगरानी की जाएगी.

पेड़ों की टहनियों की छंटाई के निर्देश

उन्होंने बिजली विभाग को जर्जर तारों को हटाने या दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया. वहीं सड़क किनारे लटक रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने को कहा गया है, ताकि कांवरियों को किसी तरह की परेशानी न हो. पूरे रूट के निरीक्षण के आधार पर ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जाएगा.

बीच रास्ते से कतार में नहीं घुस सकेंगे श्रद्धालु

प्रशासन ने इस बार हरिसभा चौक से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक कतार व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित करने की योजना बनाई है. हर साल गली-मोहल्लों के रास्तों से कुछ श्रद्धालु सीधे कतार में शामिल हो जाते थे, जिससे पीछे से आने वाले कांवरियों को परेशानी होती थी. इसे रोकने के लिए इस बार सभी ऐसे रास्तों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और बीच रास्ते से प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा.

सीसीटीवी और पुलिस की रहेगी कड़ी निगरानी

एसडीपीओ टाउन-वन सुरेश कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा. सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा. पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढे़ं: जिस आंगन से उठनी थी डोली, वहां से अर्थी पर हुई विदा… एक हादसे ने खत्म कर दिया सबकुछ


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

प्रभात कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रभात का 18 वर्षों का अनुभव है. प्रशासनिक नीतियों के विश्लेषण, राजनीतिक घटनाक्रमों की सटीक रिपोर्टिंग और खोजी पत्रकारिता में इनकी रुचि है. जटिल विषयों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की इनमें क्षमता है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >