दूसरी सोमवारी: 1.4 लाख लीटर गंगाजल से बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 3 लाख कांवरियों ने 1.4 लाख लीटर गंगाजल चढ़ाकर बाबा को प्रसन्न किया। शहर के अन्य शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

सावन 2026: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ सहित शहर के विभिन्न शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. बाबा गरीबनाथ मंदिर में रविवार सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक सोमवार दोपहर करीब एक बजे तक चलता रहा. रविवार रात 12 बजे के बाद कांवरियों की भीड़ तेजी से बढ़ने लगी. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा इलाका शिवमय हो गया. श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करायी गई.

3 लाख कांवरियों ने चढ़ाया जल

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, दूसरी सोमवारी पर करीब तीन लाख कांवरियों और 50 हजार स्थानीय श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालु पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बाबा के दरबार पहुंचे थे. मंदिर में जल चढ़ाने वाले प्रत्येक कांवरिया और भक्त ने औसतन 400 मिलीलीटर जल अर्पित किया. इस हिसाब से करीब 3.50 लाख श्रद्धालुओं की ओर से बाबा गरीबनाथ पर लगभग 1.40 लाख लीटर जल चढ़ाया गया.

रात से ही बढ़ने लगी कांवरियों की भीड़

रविवार रात 12 बजे के बाद बाबा गरीबनाथ मंदिर की ओर आने वाले रास्तों पर कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ती गयी. हाथों में गंगाजल लेकर कांवरिये बोल बम का जयघोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ते रहे. मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में देर रात से ही भक्तिमय माहौल बना रहा.

शिवालयों में भी लगी लंबी कतार

बाबा गरीबनाथ मंदिर के अलावा शहर के अन्य शिवालयों में भी दूसरी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया. इसके साथ ही बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलकामना की प्रार्थना की.

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर

सावन की दूसरी सोमवारी पर मुजफ्फरपुर पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया. मंदिरों के आसपास सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही. कांवरियों के जयघोष और मंदिरों में हो रही पूजा-अर्चना से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी रहा.

यह भी पढे़ं: सावन की दूसरी सोमवारी पर फूल-बेलपत्र व्यापारी हुए 'बम-बम', करीब तीन लाख रुपये का कारोबार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय कुमार

पिछले दो दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय. कला-संस्कृति, बाजार, लाइफस्टाइल और सामाजिक सरोकारों पर केंद्रित रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं. तथ्यों की शुद्धता, निष्पक्षता और खोजी पत्रकारिता इनकी लेखनी की मुख्य पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >