Muzaffarpur News: सकरा थाना क्षेत्र के रेपुरा-मड़वन सड़क पर दम्पत्ति को गोली मारकर आभूषण लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस कांड में शामिल तीसरे आरोपी आदित्य आर्यन उर्फ विद्यार्थी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से देशी पिस्तौल, जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
15 दिन पहले हुई थी वारदात
डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को सकरा थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 27 अप्रैल को रेपुरा से मड़वन जाने वाली सड़क पर बाइक सवार अपराधियों ने दम्पत्ति को गोली मारकर आभूषण लूट लिए थे. विरोध करने पर अपराधियों ने सोहन कुमार और उनकी पत्नी पर फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए घायल सोहन कुमार के बयान पर सकरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
पुलिस टीम ने ऐसे किया खुलासा
मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष कमलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर लिया.
इससे पहले पुलिस हरिपुर कृष्ण गांव निवासी गोविंद दास और वैशाली जिले के महनार निवासी राजवीर सिंह को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अब तीसरे आरोपी आदित्य आर्यन की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कांड का सफल उद्भेदन कर लिया है.
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आदित्य आर्यन पर सकरा थाना में लूट के आठ और मनियारी थाना में एक मामला पहले से दर्ज है. पूछताछ के दौरान उसने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
पुलिस अब लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी सामान भी बरामद कर लिया जाएगा.
मुजफ्फरपुर सकरा से विनोद दुवे की रिपोर्ट
