Muzaffarpur: साहेबगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, मासूम की गई जान

साहेबगंज में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 5 साल के मासूम की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पढ़ें पूरी खबर और जानें आखिर कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा...

Muzaffarpur News: साहेबगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी बसारत पंचायत स्थित धनैया गांव के पास एसएच-74 पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार लोग हलीमपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दोनों बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतक की पहचान देवरिया निवासी रमेश साह के 5 वर्षीय पुत्र पियूष कुमार के रूप में हुई है. वहीं हलीमपुर निवासी दीप प्रकाश कुमार (30), अरुण साह का पुत्र सनी कुमार (12) और बहदीनपुर निवासी विजय राय का पुत्र सनी कुमार (12) गंभीर रूप से घायल हो गए.

टेंपू चालक ने दिखाई मानवता

घटना के बाद वहां से गुजर रहे हलीमपुर निवासी टेंपू चालक मो. निजामुद्दीन ने घायलों को सड़क पर तड़पता देखा और तत्काल अपने टेंपू से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

अस्पताल में चिकित्सकों ने पियूष कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया.

हादसे के बाद मचा कोहराम

बताया गया कि पियूष कुमार अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था. वह अपने मामा के घर हलीमपुर जा रहा था और वहीं रहकर पढ़ाई करता था.

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मां, मौसी, नानी और मामा-मामी की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया.

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार और अपर थानाध्यक्ष अशोक राम मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की.

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है.

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से गोविंद प्रसाद की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >