Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित अहियापुर पंचायत के भतहंडी गांव में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से तीन परिवारों के घर जलकर राख हो गए. इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
सोते समय लगी आग, मच गया हड़कंप
जानकारी के अनुसार, देर रात गांव के लोग खाना खाकर अपने घरों में सो रहे थे. इसी दौरान अचानक एक घर से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.
ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक मोहम्मद नईमुद्दीन, मोहम्मद सर्फुद्दीन और मोहम्मद मोजाहिद के घर आग की चपेट में आ चुके थे.
बेटी के निकाह के सपने जलकर राख
पीड़ित मोहम्मद नईमुद्दीन के लिए यह हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ. उन्होंने अपनी बेटी के निकाह के लिए मेहनत से आभूषण, कपड़े और करीब दो लाख रुपये नकद जमा किए थे, जो आग में जल गए.
नईमुद्दीन ने जान जोखिम में डालकर घर के अंदर से नकदी निकालने की कोशिश की. वह एक लाख रुपये की गड्डी बाहर निकालने में सफल भी हुए, लेकिन नोट काफी हद तक जल चुके थे. अधजले नोटों को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अगलगी में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
समय रहते आग बुझा दिए जाने से गांव के अन्य घरों को बचा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.
पीड़ितों को मुआवजे की मांग
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता भरत साह और सीपीआई नेता मोहम्मद मोसाफिर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया.
उन्होंने जिला प्रशासन से अग्निपीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा देने की मांग की है.
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से गोविन्द की रिपोर्ट
