GaribRath Express Delayed: उत्तर बिहार और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है. 12 जुलाई यानी रविवार को सहरसा से चलकर अमृतसर को जाने वाली लोकप्रिय ट्रेन गाड़ी संख्या 12203 सहरसा–अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर संचालित नहीं होगी. यह ट्रेन अपने तय समय से 45 मिनट की देरी से सहरसा जंक्शन से रवाना होगी. इसके कारण मुजफ्फरपुर जंक्शन समेत आगे के सभी स्टेशनों पर इसके पहुंचने के समय में बदलाव हो गया है.
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शाम 7.35 बजे पहुंचेगी ट्रेन
ट्रेन के प्रस्थान समय में हुए इस बदलाव के कारण मुजफ्फरपुर जंक्शन पर अब यह अपने पुराने समय शाम 6.50 बजे के बदले 45 मिनट लेट यानी शाम 7.35 बजे आयेगी. मुजफ्फरपुर के अलावा समस्तीपुर और हाजीपुर रूट के यात्रियों को भी इस देरी के कारण स्टेशनों पर थोड़ा अधिक इंतजार करना पड़ सकता है. इस संबंध में आधिकारिक जानकारी समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट साझा करके दी है. रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इस नए शेड्यूल को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें.
यात्रियों से समय सारणी देखकर स्टेशन पहुंचने की अपील
गरीब रथ एक्सप्रेस में अमूमन यात्रियों की भारी भीड़ रहती है और लंबी दूरी की ट्रेन होने के कारण लोग समय से पहले ही स्टेशनों पर पहुंच जाते हैं. ऐसे में यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी या असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे ने इस लेटी लतीफी की जानकारी डिजिटल माध्यमों से सार्वजनिक की है. पूछताछ काउंटरों और नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) पर भी इस ट्रेन के बदले हुए समय को अपडेट कर दिया गया है. यात्री अपनी सुविधा के लिए ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकते हैं.
