Muzaffarpur ROB: मुजफ्फरपुर के भिखनपुरा और गन्नीपुर मोहल्ले के लोगों को जल्द रेलवे ट्रैक पार करने के जोखिम से राहत मिलने वाली है. पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल ने रामदयालु नगर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर स्टेशन के समीप स्थित अनधिकृत ट्रैक पार करने वाले रास्ते पर लाइट आरओबी और रैंप का निर्माण शुरू करा दिया है. निर्माण स्थल पर बाधा बन रहे पेड़ों की छंटाई का काम भी शुरू हो गया है.
तीन मीटर चौड़ा होगा लाइट आरओबी
रेलवे की ओर से स्वीकृत नक्शे के मुताबिक प्रस्तावित लाइट आरओबी और रैंप की चौड़ाई तीन मीटर होगी. इसका ढलान निर्धारित मानकों के अनुसार रखा जाएगा. इससे पैदल यात्रियों के साथ साइकिल और मोटरसाइकिल सवारों को भी आने-जाने में सुविधा होगी.
आरओबी बनने के बाद भिखनपुरा और गन्नीपुर मोहल्ले के लोगों को रामदयालु स्टेशन की ओर आने-जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार नहीं करना पड़ेगा. इससे रेलवे लाइन पर अनधिकृत आवागमन को रोकने में भी मदद मिलेगी.
चार पहिया वाहनों की एंट्री पर रोक
लाइट आरओबी को हल्के वाहनों, दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. इस पर चार पहिया और भारी वाहनों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
इसके लिए आरओबी के दोनों सिरों पर मजबूत रेल बैरियर लगाए जाएंगे. साथ ही 750 एमएम की दूरी पर 1000 एमएम ऊंचाई वाले रेल पोस्ट भी लगाए जाने हैं. इससे भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जा सकेगा.
बिजली के काम के लिए 11.87 लाख का टेंडर
आरओबी की सुरक्षा और रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने विद्युत कार्य की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. इसके लिए 11 लाख 87 हजार 484 रुपये का टेंडर जारी किया गया है. बिजली से जुड़े काम पूरे होने के बाद ओवरहेड वायर और लाइटिंग संबंधी कार्य को गति मिलने की उम्मीद है.
रोजाना हजार से अधिक लोग पार करते हैं ट्रैक
फिलहाल भिखनपुरा और गन्नीपुर के बीच आवागमन के लिए बड़ी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक का अनधिकृत रूप से इस्तेमाल करते हैं. स्थानीय स्तर पर प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोगों के पटरी पार करने की बात कही जा रही है. इससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
लाइट आरओबी बनने के बाद लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवागमन कम होगा. इससे यात्रियों के साथ-साथ रेल परिचालन की सुरक्षा भी बेहतर होने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर: मेयर की एक चाल से बदला खेल, विजेंद्र चौधरी खेमे की योजनाओं पर अब पहले होगी जांच
