मुजफ्फरपुर के औराई से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट
Bagmati river water level: मुजफ्फरपुर जिला के औराई प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली बागमती नदी के जलस्तर में बुधवार को आंशिक कमी देखी गई. अतरार पंचायत के पंचायत समिति सदस्य इंदल दास ने बताया कि गुरुवार की सुबह से जलस्तर में करीब 2 फीट की गिरावट दर्ज की गई है. नदी के जलस्तर में हुई इस कमी से तटबंध के अंदर विस्थापित एक दर्जन गांवों के हजारों परिवारों ने बड़ी राहत की सांस ली है.
पगडंडी सड़क पर बहाव से आवागमन ठप, 30 किमी का अतिरिक्त चक्कर
जलस्तर में गिरावट तो आई है, लेकिन विस्थापितों की मुश्किलें पूरी तरह कम नहीं हुई हैं. औराई से अतरार जाने वाली मुख्य पगडंडी सड़क पर फिलहाल दो फीट तक बाढ़ का पानी फैला हुआ है. इस सड़क के डूब जाने के कारण औराई प्रखंड की एक दर्जन पंचायतों के लोगों का सीधा संपर्क मुख्यालय से कट गया है. इसके चलते ग्रामीणों को करीब 30 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करके प्रखंड मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है. नदी का जलस्तर घटने के बाद अब लोगों को रास्ते से पानी साफ होने का इंतजार है ताकि आवागमन सामान्य हो सके.
