Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर शनिवार को एक युवक ने रेवा घाट पुल से गंडक नदी की तेज धारा में छलांग लगा दी. घटना के बाद युवक का कोई सुराग नहीं मिला है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और SDRF की टीम शव की तलाश में जुटी हुई है. युवक की पहचान वैशाली जिले के बेलवर गांव निवासी अनिल साह के पुत्र अभिषेक साह (22) के रूप में हुई है.
स्टाफ को फोन कर पुल पर बुलाया, फिर नदी में कूदा
जानकारी के अनुसार अभिषेक साह सरैया बाजार में जिओ कंपनी की एजेंसी चलाता था. शनिवार दोपहर उसने अपने एक स्टाफ को फोन कर रेवा घाट पुल पर बुलाया था.
स्टाफ के पुल पर पहुंचने से पहले अभिषेक ने अपनी रॉयल एनफील्ड हंटर बाइक पुल के किनारे खड़ी कर दी थी. बाइक में चाबी लगी थी और उसका मोबाइल भी वहीं रखा हुआ था.
जैसे ही उसका स्टाफ बाइक के पास पहुंचा, कुछ दूरी पर खड़े अभिषेक ने अचानक पुल की रेलिंग पर चढ़कर गंडक नदी की तेज धारा में छलांग लगा दी.
तेज धारा में बहा युवक, नहीं मिला शव
गंडक नदी में इस समय पानी अधिक है और धारा भी तेज बतायी जा रही है. नदी में छलांग लगाने के बाद अभिषेक का कुछ पता नहीं चल सका.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास छानबीन की. बाद में एसडीआरएफ की टीम को शव की तलाश के लिए लगाया गया. टीम नदी में युवक की तलाश कर रही है.
छलांग लगाने के कारणों पर परिजन चुप
अभिषेक ने नदी में छलांग क्यों लगायी, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. परिजन इस संबंध में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी. उसका एक-दो महीने का बच्चा भी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम को शव की बरामदगी के लिए लगाया गया है. टीम लगातार तलाश कर रही है. उन्होंने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: Muzaffarpur: पुल की रेलिंग से टकराकर पानी में गिरी कार, शिक्षिका की मौत, बेटे ने भी दम तोड़ा
