Rautania Garbage Processing Plant: मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित बहुप्रतीक्षित कचरा प्रोसेसिंग प्लांट का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया. स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार और अपर समाहर्ता धनंजय कुमार ने नगर विधायक रंजन कुमार, मेयर निर्मला साहू तथा उप मेयर मोनालिशा की मौजूदगी में नारियल फोड़कर और प्लांट का स्विच ऑन कर उद्घाटन किया. वर्षों से कचरे, बदबू और मक्खी-मच्छरों की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताया.
प्रतिदिन 300 से 500 टन कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण
विधायक ई. अजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल प्लांट में सूखे कचरे का प्रसंस्करण शुरू किया गया है. करीब 15 दिनों बाद गीले कचरे से गैस बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक प्रोमेल मशीन के माध्यम से प्रतिदिन 300 से 500 टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होगा. मशीन कचरे से मिट्टी, प्लास्टिक, कागज और अन्य सामग्री को अलग कर उनके उचित प्रबंधन में मदद करेगी.
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
विधायक ने कहा कि प्लांट के संचालन से क्षेत्र में बदबू, गंदगी और मक्खी-मच्छरों की समस्या में कमी आएगी. उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के विधायकों का एक दल भी जल्द इस प्लांट का निरीक्षण करेगा.
वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी राहत
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वे करीब 70 वर्षों से कचरे और प्रदूषण की समस्या झेल रहे थे. कचरा प्रोसेसिंग प्लांट शुरू होने से अब स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन की उम्मीद जगी है. लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
कार्यक्रम में कांटी सीओ मुकेश कुमार, मड़वन सीओ पुष्कल कुमार, कार्यपालक अभियंता विजय कुमार, नगर पार्षद राजीव कुमार पंकू, अभिमन्यु चौहान, मो. इकबाल, मो. सैफ अली, सनत कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
