Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर हरि और मीनापुर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और स्प्रिट बरामद की है. पहली कार्रवाई रामपुर हरि थाना क्षेत्र के छपड़ा मुबारक उर्फ डुबरबन्ना गांव में हुई, जहां पुलिस ने एक झोंपड़ीनुमा घर से 114.50 लीटर विदेशी शराब जब्त की. हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहा.
ऑटो, बाइक और खाली बोतलों के साथ रैपर भी जब्त
रामपुर हरि थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विनय सहनी के झोंपड़ीनुमा घर में छापेमारी की गई. मौके से एक सीएनजी टेम्पू, एक बाइक, दो प्लास्टिक के गैलन में 40 लीटर स्प्रिट, 70 लीटर देशी/विदेशी शराब और 12 पीस भरी हुई बोतलें जब्त की गईं. इसके अलावा इम्पीरियल ब्लू की खाली बोतलें, मैकडोवेल की 192 खाली बोतलें तथा 188 पीस ढक्कन और रैपर भी बरामद किए गए हैं, जिससे अवैध री-पैकिंग की आशंका जताई जा रही है. थानाध्यक्ष के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर फरार कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
मीनापुर में 9 लीटर शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
दूसरी ओर, मीनापुर थाना पुलिस ने भी सोमवार की रात खेमाइपट्टी गांव में छापेमारी कर रेणु देवी नामक महिला को 9 लीटर विदेशी शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया. मीनापुर थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर शिव कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
