Muzaffarpur News: रक्षाबंधन पर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के रिश्ते को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है. देशभर में राखियों के शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर वितरण के लिए "राखी मेल" सुविधा लागू की गई है. इसके तहत स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी. यह छूट 12 अगस्त 2026 से लागू होगी.
राखी मेल पर मिलेगी 10 प्रतिशत की छूट
डाक विभाग के अनुसार राखी भेजने वाले ग्राहकों को स्पीड पोस्ट लिफाफे पर स्पष्ट रूप से "राखी मेल" लिखना होगा. इसके बाद लिफाफे को रेल डाक सेवा यू मंडल के रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर या प्रधान डाकघर स्थित बिजनेस पोस्ट सेंटर से बुक कराया जा सकता है.
50 ग्राम तक के लिफाफे पर विशेष रियायत
अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के तहत 50 ग्राम तक के दस्तावेज या राखी लिफाफे का मूल शुल्क स्थानीय स्तर पर 19 रुपये और दूसरे राज्यों में भेजने के लिए 47 रुपये निर्धारित है. इन शुल्कों पर जीएसटी अलग से देय होगा. राखी मेल योजना के तहत इसी निर्धारित स्पीड पोस्ट शुल्क पर 10 प्रतिशत की सीधी छूट दी जाएगी.
24x7 खुला रहेगा रेलवे स्टेशन का काउंटर
रक्षाबंधन के दौरान राखियों की बढ़ती बुकिंग को देखते हुए डाक विभाग ने रेलवे स्टेशन स्थित रेल डाक सेवा के बुकिंग काउंटर को 24 घंटे खुला रखने की व्यवस्था की है. यह काउंटर रविवार और अन्य सरकारी अवकाश के दिनों में भी संचालित रहेगा.
प्राथमिकता के आधार पर होगी राखियों की डिलीवरी
डाक विभाग की ओर से राखियों के त्वरित प्रसंस्करण और प्राथमिकता के आधार पर वितरण की व्यवस्था की गई है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले भाइयों तक बहनों की राखियां समय पर और सुरक्षित पहुंच सकें.
कैसे उठाएं योजना का लाभ
राखी मेल की सुविधा लेने के लिए ग्राहकों को राखी वाले स्पीड पोस्ट लिफाफे पर "राखी मेल" लिखना होगा. इसके बाद निर्धारित बुकिंग काउंटर पर जाकर इसे बुक कराया जा सकेगा. विभाग ने लोगों से समय रहते राखियां बुक कराने की अपील की है, ताकि त्योहार से पहले डिलीवरी सुनिश्चित हो सके.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर: SIT और STF की संयुक्त कार्रवाई, साहेबगंज थाने का वांछित अभियुक्त रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
